केंद्र सरकार जल्द ही स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 100 रुपए का सिक्का जारी करेगी। इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा। सरकार इस सिक्के को उनके जन्मदिवस पर जारी कर सकती है। अधिकारिक बयान के मुताबिक, सिक्के के एक सिरे पर अटलजी के नाम के साथ उनका चित्र होगा। नाम अंग्रेजी और देवनागरी में लिखा होगा। तस्वीर के नीचे अटलजी के जन्म का साल 1924 और मृत्यु का साल 2018 लिखा होगा।

सिक्के के दूसरे सिरे पर अशोक स्तंभ का निशान होगा। इसमें नीचे सत्यमेव जयते लिखा होगा। इस सिरे पर नीचे एक तरफ देवनागरी में भारत लिखा होगा, जबकि दूसरी ओर अंग्रेजी में इंडिया। स्तंभ के नीचे रुपए का निशान और उसकी कीमत 100 अंकित होगी। इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा और इसमें चांदी मिली होगी, जिसकी मात्रा 1000 में 498 से 502 होगी। भाजपा सूत्रों के मुताबिक सरकार उनके 94 जन्मदिवस को धूमधाम से मनाएगी, जिसमें उनके नाम पर सिक्का जारी करने का ऐलान करेगी।

गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म 25 दिसंबर, 1928 को हुआ था और उनकी मृत्यु 93 वर्ष की आयु में 16 अगस्त 2018 को हुई थी। अटलजी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके सम्मान में कई जगहों के नाम बदले गए हैं। हिमालय की चार चोटियों के नाम भी उनके नाम पर रखे गए। छत्तीसगढ़ के नए रायपुर का नाम अटल नगर रखा गया। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार ने देहरादून एयरपोर्ट का नाम बदलकर अटलजी के नाम पर रखा। उधर, उत्तरप्रदेश सरकार ने भी लखनऊ में हजरतगंज चौराहे का नाम बदलकर अटल चौक रखने का फैसला किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here