दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित रीगल सिनेमा गुरुवार के बाद हमेशा के बंद होने जा रहा है। कभी राजधानी की शानो शौकत में चार चांद लगाने वाला सिनेमा अब इतिहास बन जाएगा। 1932 में शुरू हुआ राजधानी का पहला प्रीमियर थिएटर अब सिनेमा प्रेमियों से हमेशा के लिए विदाई ले लेगा। रीगल के साथ शौ मैन राजकपूर का विशेष लगाव था। राज कपूर ने अपनी कई फिल्मों का प्रीमियर इस हॉल में कराया था। उनकी कई फिल्मों ने यहां सिल्वर जुबली और गोल्डन जुबली का जश्न मनाया है।

30 मार्च को हॉल में आखिरी दो शो राज कपूर के नाम रहेगें। शाम 6 बजे “मेरा नाम जोकर” और रात 10 बजे “संगम” के शो चलेंगे। रीगल में राज कपूर के पिता पृथ्वी राज कपूर ने भी अपने कई मशहूर नाटकों का मंचन किया था। आज जब रीगल हमेशा के लिए बंद हो रहा है तो राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर ने ट्विटर पर रीगल की यादें साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त की। ऋषि कपूर ने सिनेमा से जुड़े दो ट्वीट किए।

ऋषि कपूर ने अपने पहले ट्वीट में रीगल की पिक्चर शेयर करते हुए लिखा कि “दिल्ली का एडियस रीगल थिएटर बंद हो रहा है। एक ऐसी जगह, जहां कपूर परिवार के सभी नाटक एवं सिनेमा प्रदर्शित किए गए। ‘बॉबी’ का प्रीमियर भी यहीं हुआ था…धन्यवाद।” बॉबी ऋषि कपूर की बतौर हीरो पहली फिल्म थी।

ऋषि कपूर ने दूसरे ट्वीट में थिएटर के बंद होने की खबर की कटिंग शेयर की। इस हॉल में आखिरी फिल्म अनुष्का शर्मा की फिल्लौरी दिखाई गई। हाल ही में कनॉट प्लेस में दो पुरानी इमारतों के गिर जाने और नगर पालिका से पुरानी इमारत होने के कारण मिले नोटिस के बाद हॉल के मैनेजमेंट को सेनमा हॉल बंद करने का फैसला लेना पड़ा।

देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी भी यहां फिल्म देखने आती थीं। अटल बिहारी वाजपेयी का भी पसंदीदा थियेटर हुआ करता था। तब के सुपरस्टार राजकपूर और नरगिस की फिल्मों का प्रीमियर इसी सिनेमा हॉल में हुआ करता था। दोनों सेलिब्रिटी यहां अपनी फिल्में देखा करते थे।

रीगल के मालिक विशाल चौधरी ने बताया, ”कनॉट प्लेट में कुछ इमारतों की छत गिरने के बाद हमें एनडीएमसी का नोटिस मिला। अब हम हॉल को रिस्ट्रक्चर कराना चाहते हैं, सरकार से परमिशन मांगी है। बिल्डिंग को और मजबूत बनाकर इसे मल्टीप्लैक्स करेंगे। बाहर से बिल्डिंग की लुक पहले जैसा ही रहेगा। आगे इसमें चार स्क्रीन होंगी। परमिशन मिलते ही काम शुरू कर देंगे।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here