Farmer Protest: सरकार के साथ बातचीत फिर रही बेनतीजा, आज भारत बंद का आह्वान

0
22

केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच गुरुवार को हुई तीसरे दौर की बातचीत बेनतीजा रही। 15 फरवरी को 14 किसान नेताओं ने सरकार के मंत्रियों के साथ करीब पांच घंटे तक बैठक की लेकिन उनके बीच आम सहमति बनती नजर नहीं आई। अब अगले राउंड की मीटिंग रविवार 18 फरवरी को शाम 6 बजे होगी। इस बीच किसानों ने ऐलान किया कि वो अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे और उन्होंने शुक्रवार 16 फरवरी को “भारत बंद” का ऐलान किया। दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा और यूपी पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

किसानों का ‘भारत बंद’ आज

किसानों के भारत बंद को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए है। किसान संगठनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया जा रहा है। आज किसानों के भारत बंद के दौरान शहरों की सभी दुकानें बंद रहेंगी। फलों और सब्जियों की खरीद-बेच पर प्रतिबंध रहेगा। प्राइवेट और सरकारी गाड़ियां भी सड़कों पर नहीं चल सकेंगी। एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को ही बस इजाजत दी जाएगी। एग्जाम देने जाने वाले बच्चों की गाड़ियों और इमरजेंसी सेवाओं को भारत बंद के दौरान इजाजत रहेगी।

बैठक में क्या हुआ?

बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मीडिया से कहा कि किसानों संग उनकी बातचीत बहुत ही अच्छे माहौल में हुई। यह बैठक सकारात्मक रही। किसान संगठनों ने जिन विषयों पर ध्यान दिलाया है उस पर विस्तार से चर्चा करते हुए अगली मीटिंग रविवार शाम 6 बजे तय की गई है। बैठक में शामिल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से कहा कि एक हफ्ते में किसानों के साथ केंद्र सरकार की तीसरी मीटिंग के दौरान बहुत लंबी-चौड़ी बातचीत हुई।

बातचीत के बीच नहीं रुकेगा आंदोलन

किसान नेता पंढेर ने कहा कि हम चाहेंगे कि आने वाले समय में टकराव से बचा जाए। सरकार से जो चर्चा हुई है उस पर अपने साथियों से चर्चा करेंगे। इसके साथ ही किसान नेता ने ये भी साफ कर दिया कि बातचीत के बीच आंदोलन नहीं रुकेगा। किसानों का दिल्ली जाने का कार्यक्रम जारी है। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार और किसानों की बैठक में MSP पर अब भी पेंच फंसा है। किसान MSP के मुद्दे पर समझौते को तैयार नहीं हैं। MSP को लेकर किसानों और केंद्र सरकार के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here