केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभाग) गिरिराज सिंह, जो हमेशा अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं, उन्होने एक कार्यक्रम मे कहा कि अगर किसी के दो से ज्यादा बच्चे होते हैं तो उसकी नागरिकता खत्म कर दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कानून सभी धर्म हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई के लिए बनना चाहिए जिससे की बढ़ती जनसंख्या में कमी आ सके। साथ ही यह भी कहा कि जहां सनातनी 90 फीसदी हैं वहां सामाजिक समरसता कायम है, लेकिन जहां कम है वहां सामाजिक समरसता बिगड़ चुकी है।

शनिवार को गिरिराज सिंह अपने आध्यात्मिक गुरु यतींद्रानंद से मुलाकात करने रुड़की गए थे। उसके बाद उन्होंने एक गोशाला का भ्रमण किया। उसी दौरान आयोजित कार्यक्रम में गिरिराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे भारत विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने खादी की महत्ता बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से गांधी और खादी के नाम पर राजनीति की है। गांधी जी की नीतियों को कांग्रेस ने दफन कर दिया,लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खादी को बड़े उद्योग का रुप देने का काम किया है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि बदलते दौर में माई मॉम हो गई और गाय काऊ हो गई है। साथ हीं उन्होंने यह भी कहा कि अब जरूरत माई और गाय के लिए काम करने की है। कहा कि गाय को कत्ल खाने में जाने से रोकना होगा। गाय बचेगी तो किसान रहेगा और किसान रहेगा तो ही खेत रहेंगे। खेत रहेंगे तो देश रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here