मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में हुए भीषण हादसे में करीब 10 घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद नदी के बीच में फंसे सभी 45 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे में करीब 12 लोगों के बहने की खबर है, जिनकी खोजबीन जारी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कल दोपहर करीब साढे तीन बजे सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के सुल्तानगढ जलप्रपात में अचानक पानी बढ़ने से वहां एक चट्टान पर फंसे सभी 45 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें से छह को कल देर शाम ही हेलीकॉप्टर से निकाल लिया गया था। शेष सभी को देर रात करीब ढाई बजे रस्सियों और अन्य माध्यमों से निकाल लिया गया।

वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक पानी में बहे करीब 12 लोगों की अब भी तलाश जारी है। इस पूरे बचाव कार्य में तीन स्थानीय युवकों का बेहद अहम योगदान बताया जा रहा है। मोहना निवासी तीन युवकों कल्लू बाथम, रामसेवक प्रजापति एवं निशात खान ने पानी में फंसे लोगों को निकलवाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का विशेष सहयोग किया। इन तीनों युवकों को इस क्षेत्र की अच्छी जानकारी थी।

जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर शिवपुरी और ग्वालियर जिले की सीमा पर स्थित इस प्राकृतिक सुरम्य पर्यटन स्थल पर कल स्वतंत्रता दिवस के अवकाश के दौरान करीब 400 से ज्यादा लोग पहुंचे थे। इनमें से कई लोग पानी के भीतर भी थे। अचानक पानी बढ़ने से करीब 12 लोग बह गए, वहीं 45 लोग एक चट्टान पर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्ड और प्रदेश पुलिस ने संयुक्त तौर पर बचाव अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक अमले की पूरी मदद की।

                                       साभार- ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here