आज अयोध्या में त्रेता युग की दिवाली मनेगी। भगवान राम, पत्नी सीता के साथ 14 वर्ष के वनवास और लंका विजय के बाद जब अयोध्या आए तो अयोध्यावासियों ने खुशियों से जिस तरह अयोध्यानगरी को दीपों से सजा दिया आज वैसे ही अयोध्या 1 लाख 70 हजार दीपों से जगमगाएगी। इस दिव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा होंगे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक। वहीं इस शुभ अवसर पर शिया वक्फ बोर्ड ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक प्रपोजल भेजा है, जिसमें उन्होंने अयोध्या में प्रस्तावित भगवान राम की 100 मीटर ऊंची मूर्ति के लिए 10 चांदी के तीर भेंट करने की बात कही है। 

बता दें कि आज अयोध्या मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। राम से जुड़े अलग-अलग काण्ड पर आधारित झाकियां जो अपने भव्य स्वरूप में दिखाई देगी। ट्रकों पर बने मंच पर शोभायमान कुल 11 झाकियां होंगी, जिसके सामने लोक कलाकार संबंधित काण्ड से जुड़ी नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर रहे होंगे। इनमें रामजन्म से लेकर लवकुश का सारा कांड अलग-अलग परिवेश में सजाई जाएंगी।

इतना ही नहीं राम अपने भाई लक्ष्मण और पत्नी सीता के साथ फैजाबाद हवाई पट्टी से हेलिकॉप्टर में सवार होकर सीधे अयोध्या के रामकथा पार्क पहुंचेंगे। जहां खड़ाऊं लेकर योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल रामनाइक उनकी अगवानी करेंगे। उसके बाद उनका पूजन अर्चन होगा और बाकायदा रामदरबार लगेगा और उनका राज्याभिषेक किया जाएगा। यह सब उसी तरह दिखाई देगा जैसे त्रेता युग में लंका विजय के बाद भगवान राम के पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचने पर हुआ था।

इस शोभा यात्राओं के पीछे न सिर्फ अयोध्या के साधू संत दिखाई देंगे बल्कि अयोध्यावासी भी झूमते, गाते और इठलाते हुए खुशियाँ मनाते दिखाई देंगे। रामकथा पार्क में यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और राज्यपाल रामनाईक ही नहीं बल्कि प्रदेश और केंद्र के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद 5100 बत्ती की महाआरती होगी। इसके लिए सरयू तट पर स्टेज बनाया जा रहा है, जिस पर योगी आदित्य नाथ मौजूद रहेंगे। इस दौरान 11 पुजारी वैदिक मंत्रोच्चार करेंगे।

उधर ‘नया अयोध्या’ प्लान के तहत उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अयोध्या में सरयू नदी के पास भगवान राम की एक विशाल मूर्ति बनाने की तैयारी कर रही है। उसी मूर्ति के लिए शिया वक्फ बोर्ड ने 10 चांदी के तीर भेंट करने की बात कही है। बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा है कि कुछ शिया मुसलमानों ने वक्फ बोर्ड के जरिए चांदी के तीर गिफ्ट करने का सुझाव दिया है। इसके लिए उन्होंने योगी को खत भी लिखा है।

रिजवी का कहना है कि ये तीर भारत की आतंकवाद से लड़ाई के प्रतीक होंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने तीरों से राक्षसों का वध किया था, उसी तरह हम चाहते हैं कि ये तीन आतंकवाद से लड़ाई का प्रतीक बनें। ताकि सभी धर्मों को मानने वाले लोग भारत में शांति से रह सकें।

गौरतलब है कि आज के दीपोत्सव को देखते हुए  अयोध्या के चप्पे चप्पे पर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था भी की गई है। सरयू नदी से लेकर हनुमान गढ़ी तक पुलिस के अतिरिक्त बक की तैनाती की गई है  ताकि कोई भी अनहोनी घटना न घाट सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here