Rajya Sabha Elections 2024 : कांग्रेस ने किया 4 उम्मीदवारों का ऐलान, सोनिया गांधी राजस्थान से लड़ेंगी चुनाव

0
17

राज्यसभा चुनावों की तारीख नजदीक आ चुकी है, ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का सिलसिला जारी है। जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आज यानी बुधवार (14 फरवरी) को राज्यसभा उमीदवारों की दूसरी सूची जारी की। जिसमें ओडीशा से बीजेपी ने दिग्गज नेता और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को उम्मीदवार के रूप में खड़ा किया है। वहीं, कांग्रेस ने भी अपनी ओर से 4 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें, कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा समय राय बरेली से लोकसभा सांसद सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। सोनिया गांधी ने अपना नामांकन भी दाखिल किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने बिहार, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र से भी उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने बिहार से डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चुना है। जबकि, अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से टिकट मिला है।

क्या लोकसभा से टूट जाएगा 25 साल पुराना रिश्ता ?

सोनिया गांधी की राज्यसभा चुनाव लड़ने के बीच कयासों का दौर भी शुरू हो गया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में रायबरेली की सीट से कांग्रेस प्रियंका गांधी को चुनाव लड़वा सकती है। सोनिया गांधी 1999 से लगातार रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव जीतती रही हैं। बता दें कि राज्यसभा सांसद बनने के लिए सोनिया गांधी पहली बार चुनाव लड़ेंगी।

किस दिन होंगे राज्यसभा चुनाव?

राज्यसभा चुनावों के लिए 27 फरवरी के दिन वोटिंग होगी। चुनाव आयोग के अनुसार, 2 अप्रैल को 50 सदस्य और 3 अप्रैल को छह सदस्य राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं। उमीदवारों के नामांकन भरने की अंतिम तारीख 15 फरवरी है। साल 2024 में कुल 69 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें 27 फरवरी के दिन 56 सीटों पर चुनाव होगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here