उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक रही यूपी कांग्रेस की प्रभारी और महासचिव Priyanka Gandhi ने सूबे की योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जमकर हमला किया है। दरअसल लखनऊ जिला प्रशासन ने 26 दिसंबर को कांग्रेस की होने वाली लड़कियों की मैराथन रैली को कोरोना खतरे का हवाला देते हुए मना कर दिया था, कैंसिल हुई रैली में खुद Priyanka Gandhi को भी शामिल होना था।
जानकारी के मुताबिक 26 दिसंबर को होने वाली लड़कियों के मैराथन रैली पर लखनऊ के डीएम लखनऊ ने कांग्रेस को एक चिट्ठी जारी करके बताया कि लखनऊ में धारा 144 लगी हुई है। इसके साथ ही डीएम ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए कांग्रेस को रैली की अनुमति देने से मना कर दिया। जिसके बाद कांग्रेस ने वही रैली आज झांसी में की।

Priyanka Gandhi ने योगी सरकार से कहा, ‘आप रैली कर सकते हो, तो लड़कियां भी दौड़ेंगी’
कांग्रेस की इस महा मैराथन रैली में जुटी लड़कियों और महिलाओं की भीड़ को देखकर प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से उस रैली का वीडियो शेयर करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है, ‘.. @myogiadityanath जी आप लड़कियों को नियंत्रित करने जैसी महिला विरोधी बात करते हो, इसलिए आपने लखनऊ में लड़कियों की मैराथन नहीं होने दी। झांसी की लड़कियों ने आपको एक संदेश भेजा है कि लड़कियां सहेंगी नहीं, अपने हक के लिए लड़ेंगी। अगर आप रैली कर सकते हो, तो लड़कियां भी दौड़ेंगी’।
झांसी की इस महामैराथन में बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस रैली में केवल झांसी ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों लड़कियों ने शिरकत की। कांग्रेस का यह प्रयास है कि हम प्रदेश की महिलाओं औऱ लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें प्रेरणा दें औऱ उनके अदर समता के भाव को संचारित करें।
प्रियंका गांधी ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं मैराथन, झांसी। लड़कियां लड़ेंगी अपने हक के लिए, अपनी उड़ान के लिए, बदलाव के लिए’।
लखनऊ में कांग्रेस की मैराथन को प्रशासन द्वारा अनुमति न दिये जाने के मसले पर प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू ने योगी सरकार पर हमला किया है।
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष लल्लू ने कहा, ‘तुम (भाजपा) इस क्रांति से डर गए…’
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू ने ट्वीट कर कहा, ‘हम जानते हैं कि तुम (भाजपा) इस क्रांति से डर गए…लखनऊ की अनुमति रद्द करने की तुम्हारी मंशा बीच चौराहे पर उजागर हो गई है। यह झांसी मैराथन में लड़कियों की 10 हजार से ज्यादा की भीड़ है, जो हुक्मरानों को संदेश दे रही है कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं. यह महिलाओं का जनगीत तानाशाही सरकार को डरा रही है’।
मालूम हो कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसमें महिलाओं के लिए कुछ विशेष वादे किये गये हैं।

लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बताया था कि कांग्रेस की सरकार आने पर सूबे में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: Priyanka Gandhi का BJP पर आरोप, ”मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर रहे हैं”