छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस ने मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस ने मारे गए नक्सलियों से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद करने का दावा किया है। यह कार्रवाई बीजापुर जिले के पुजारी कांकेर इलाके में की गई। पुलिस में स्पेशल डीजी (नक्सल ऑपरेशंस) डीएम अवस्थी ने इस बारे में पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 10 नक्सली इस ऑपरेशन में मारे गए हैं। इस ऑपरेशन में 1 पुलिसकर्मी के भी घायल होने की खबर है। राज्य के दक्षिण बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि  छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस को सीमावर्ती बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में बड़े नक्सली जमावड़े की जानकारी मिली थी। जानकारी के बाद क्षेत्र में तेलंगाना के ग्रेहाउंड बल तथा बीजापुर जिले के डीआरजी, एसटीएफ और जिला बल के जवानों को गस्त में रवाना किया गया था।

सुंदरराज पी ने कहा कि अभी इलाके में तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने मारे गए माओवादियों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई है। पुलिस का कहना है कि इस मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों की पहचान की कोशिश चल रही है। मारे गए लोगों में माओवादी संगठन के कुछ बड़े नेता भी हो सकते हैं। ऐसे में यह ज्वॉइंट ऑपरेशन पुलिस और नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। हाल की घटना से पहले 28 फरवरी को राज्य के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस ने नौ नक्सलियों को धर दबोचा था।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कहा, ”यह छत्तीसगढ और तेलंगाना पुलिस का संयुक्त अभियान था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6.30 बजे हुई मुठभेड़ में 10 माओवादी मारे गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here