I.N.D.I.A Bloc ‘Loktantra Bachao’ Rally: ‘आपके केजरीवाल शेर हैं…’ महारैली में सुनीता केजरीवाल ने पढ़ा पति का संदेश

0
17

I.N.D.I.A Bloc ‘Loktantra Bachao’ Rally : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही पूरा का पूरा विपक्षी गठबंधन एकजुट नजर आ रहा है और उनके नेता मोदी सरकार पर लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने महारैली का आयोजन किया। विपक्षी अलायंस ने इस रैली को ‘लोकतंत्र बचाओ’ महा रैली का नाम दिया है। इस बीच रैली में रामलीला मैदान के मंच से सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए?” उन्होंने आगे कहा, “आपके केजरीवाल शेर हैं, ये अधिक दिन तक उनको जेल में नहीं रख पाएंगे”

इसके बाद सुनीता केजरीवाल ने अपने पति और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जेल से भेजा गया एक संदेश पढ़ा। सुनीता ने कहा कि दिल्ली सीएम ने कहा है, “मेरे प्यारे भारतवासियों, जेल से आप सब अपने इस भाई का प्रणाम स्वीकार कीजिए। मैं आपसे वोट नहीं मांग रहा। 140 करोड़ भारतवासियों को नया भारत बनाने के लिए आमंत्रित करता हूं। भारत एक महान देश है, महान संस्कृति है। हमारे लोग अनपढ़ क्यों है, गरीब क्यों हैं। मैं जेल में हूं यहां सोचने का मौका मिलता है।”

सुनीता केजरीवाल ने संदेश पढ़ते हुए कहा कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल का कहना है, “भारत मां दर्द में है, दुखी है, दर्द से कराह रही है। जब भारत मां के बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं मिलती, जब तक देश के कई हिस्सों में अच्छी चिकित्सा नहीं मिलती तो उन्हें दुख होता है। ऐसे लोगों से भारत मां को सख्त नफरत है जो देश को लूटते हैं। 140 करोड़ लोगों के सपनों का भारत, हर हाथ को काम मिलेगा। हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलेगी, चाहे अमीर हो या गरीब, भारत के आध्यात्म को दुनिया तक पहुंचाएंगे। आज मैं देश के 140 करोड़ लोगों को ये आह्वान करता हूं….”

बता दें कि रैली में इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने भी भाषण दिया और सुनीता केजरीवाल को कहा कि हम आपके साथ हैं।

उद्धव ठाकरे ने सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन के लिए क्या कहा?

इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, एक पार्टी की सरकार देश के लिये खतरा बन चुकी है। शिव सेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, सुनीता जी, कल्पना जी आप चिंता मत कीजिए। इंडिया गठबंधन को मिलकर देश में एक मिलीजुली सरकार लानी होगी। गठबंधन की मिलीजुली सरकार ही देश को तानाशाही से बचा सकती है। अरविंद केजरीवाल जी और हेमंत सोरेन जी पर इल्जाम लगाकर उन्हें जेल में डाल दिया गया जबकि भ्रष्टाचार के आरोपी बीजेपी में हैं और शामिल हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here