नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में अब हालात सामान्य हो गये है। बाजार खुल रहे है लोग सड़को पर निकल रहे हैं। वहीं इस हिंसा में मरने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है। जिसमें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 38, लोकनायक अस्पताल में 3, जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में 1 और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 4 लोगों की मौत हुई।

रविवार को गोकलपुरी और शिव विहार इलाके के नाले से चार और शव बरामद किए गए थे। हालांकि पुलिस के अनुसार यह स्पष्ट नहीं कि शवों का संबंध दंगों से है या नहीं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसने मामले में अब तक 254 प्राथमिकी दर्ज की है और 903 लोगों को हिरासत में लिया है या गिरफ्तार किया है।

दिल्ली में बीते सप्ताह करीब तीन दिनों तक सड़कों पर हिंसा देखी थी, लेकिन अब सब शांत है। हालांकि, रविवार शाम को अचानक एक माहौल बना और हवा चली कि दिल्ली में माहौल फिर बिगड़ गया है। ये अफवाह पूरी दिल्ली में आग की तरह फैली, कई इलाकों में दुकानें बंद हुईं, लोगों में हलचल तेज हुई। इसके बाद पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आह्वान किया।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली वालों को राहत पहुंचाने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं। अगर किसी को मदद की जरूरत है, तो वो #DelhiRelief के जरिए हमतक पहुंच सकता है। इस दौरान सटीक पता, कॉन्टैक्ट डिटेल साझा करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here