आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तैयारी तेज कर दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह  ने दिल्ली के सांसदों का फीडबैक लिया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शाह ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों से बात कर सांसदों के कामकाज की समीक्षा भी की। अमित शाह ने विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों से बातचीत के दौरान उनसे आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान अमित शाह ने आगामी चुनावों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए।

5 लाख घरों पर बीजेपी का झंडा लगाने का लक्ष्य

प्रदेश भाजपा के नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बताया कि 12 फरवरी से 22 फरवरी तक पूरी दिल्ली में ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार’ नाम से कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान दिल्ली के 5 लाख घरों पर भाजपा का झंडा लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद 26 फरवरी को ‘कमल ज्योति’ कार्यक्रम किया जाएगा। जिसमें दिल्ली के लाखों घरों में जाकर भाजपा कार्यकर्ता एक दीपक जलाएंगे और लोगों को केंद्र सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियां बताएंगे।

11 फरवरी से 2 मार्च तक कार्यक्रम होंगे

प्रदेश भाजपा की ओर से 11 फरवरी से 2 मार्च तक लगातार बड़े कार्यक्रम करने की तैयारी की जा रही है। अमित शाह ने इन कार्यक्रमों के संयोजकों से कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बातचीत की। प्रदेश भाजपा की ओर से 11 फरवरी को समपर्ण दिवस मनाने की तैयारी की जा रही है।

28 को पीएम मोदी करेंगे कार्यकर्ता संवाद

प्रदेश भाजपा के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ नाम दिया गया है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here