राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री और सचिन पायलट को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। अल्बर्ट हॉल पर आयोजित भव्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओ की मौजूदगी में गहलोत और पायलट ने हिन्दी में शपथ ली। पायलट ने चूनरी का साफा पहन कर अपना देशी अंदाज दिखाया। शपथ ग्रहण से पहले और बाद में दोनों नेताओं के पक्ष में जोरदार नारेबाजी हुई।

मंच पर मौजूद गांधी से मिलने के लिए नेताओं का तांता लगा रहा। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्र बाबू नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं देवगोड़ा, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला, डीएमके नेता एम के स्टालिन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतराम मांझी, जदयू के नेता शरद यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस के शरद पंवार सहित कई नेता शपथ के साक्षी बने। गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कई नेताओं से मुलाकात की।

शपथ समारोह विपक्षी एकता का चेहरा दिखा
राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी एकता के महागठबंधन का चेहरा नजर आया। अल्टबर्ट हॉल के सामने आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे ही लेकिन विपक्ष के दिग्गज नेता शरद पंवार, एचडी देवगोड़ा, शरद यादव, एम के स्टालिन , फारुख अब्दुल्ला सहित कई नेताओं की उपस्थिति ने भाजपा के खिलाफ महागठबंधन का संकेत दिया हैं। कर्नाटक में गठबंधन सरकार बनाने के बाद हाल ही में हुए पांच राज्यों में से तीन पर कांग्रेस की जीत से गैर कांग्रेसी नेताओं का कांग्रेस के प्रति झुकाव हुआ हैं। शपथ ग्रहण समारोह में आज उनकी उपस्थिति ने विपक्षी एकता को मजबूती दी हैं।

आने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता की क्या तस्वीर बनेगी यह तो भविष्य में ही पता चलेगा लेकिन आज के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं की नजदीकियां देखने को मिली। कांग्रेस ने शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं को बुलाकर एक ही छाते के नीचे आने के लिए पहल की हैं। इस समारोह में चुनाव प्रचार कर भाजपा को परेशानी में डालने वाले पंजाब के पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू , कांग्रेस नेता राज बब्बर, शरद यादव आदि ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर चुनाव में अपनी अहमियत दिखाकर आज उसका श्रेय लेने के लिए अपना चेहरा दिखाया।

राजस्थान में जिम्मेदारी निभाएंगे : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान में अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री तथा सचिन पायलट के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद राजस्थान की जनता का आभार जताया और उन्हें भरोसा दिया कि पार्टी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएगी। गांधी ने सोमवार को ट्वीट किया “कांग्रेस पार्टी पर विश्वास करने के लिए राजस्थान वासियों का हृदय से आभार। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनके संघर्ष के सफल होने पर हार्दिक बधाई| राजस्थान की सेवा करना कांग्रेस पार्टी के लिए गौरव की बात है| हम अपनी ज़िम्मेदारी पूरी तरह निभाएंगे|”

गौरतलब है कि राज्यपाल कल्याण सिंह ने राजधानी जयपुर के अल्बर्ट हॉल में आयोजित समारोह में गहलोत और पायलट को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here