ठंड और कोहरे ने पूरे बिहार को अपने आगोश में ले लिया है। कई जिलों के तापमान में भारी गिरावट आई है। सुबह से ही बर्फीली हवाएं चल रही हैं और कुहासे की वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।  बर्फीली हवाएं चलने के कारण पटना का मौसम जम्मू और शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा है। वहीं ठंड की चपेट में आकर बिहार के विभिन्न जिलों में चौबीस घंटे के भीतर दस लोगों की मौत की खबर सामने आई है।

विभिन्न जिलों में ठंड की वजह से दस लोगों के मरने की खबर है। हाजीपुर में आग से जलकर तीन लोगों की मौत हो गई है तो वहीं छपरा में भी दो लोगों के मौत की सूचना है। समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले दिलीप कुमार (42) की मौत ठंड से हो गई। सीओ रामेश्वर राम व मुखिया ने इसकी पुष्टि की है।

शिवहर में आरटीपीएस काउंटर के सामने कतार में सुबह से मां के साथ खड़े बच्चे की मौत हो गई। हालांकि, सीओ ने कहा कि कार्यालय अवधि में बच्चे की मौत नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने ठंड से मौत की बात कहीं है। अन्य जिलों में भी ठंड के कहर से मौत की सूचना है।

उत्तर बिहार में ठंड व कोहरे का कहर जारी है। आज की सुबह भी घने कोहरे से लिपटी हुई है। हर दिन सुबह-शाम घने कोहरे से यातायात भी प्रभावित हुआ है।

पछुआ हवा के साथ घने कोहरे से राजधानी सहित पूरा प्रदेश ढंका हुआ है। राजधानी के अधिकतम तापमान में अचानक पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट से शुक्रवार कोल्ड डे रहा और आज भी उसके आसार हैं। अधिकांश जगहों पर शीतलहर की स्थिति से लोग घरों में दुबके हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पटना में इस समय सामान्य अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था, लेकिन 17.4 डिग्री होने के कारण गलन का अहसास रहा। न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here