President Election 2022: शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का पूरा समर्थन करेगी। इससे पहले, शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, “शिवसेना वही करती है जो उसे सही लगता है। अतीत में भी हमने कांग्रेस उम्मीदवार टीएन शेषन और यूपीए के उम्मीदवारों जैसे प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी को समर्थन दिया है। शिवसेना की राजनीति से परे जाने की परंपरा रही है। हम राष्ट्रहित में लोगों का समर्थन करने में विश्वास करते हैं।”

President Election 2022: संजय राउत बोले- मुर्मू को समर्थन, भाजपा को नहीं
अपनी पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए, राउत ने कहा, “द्रौपदी मुर्मू पहली आदिवासी महिला हैं जिनके भारत की राष्ट्रपति बनने की संभावना है। महाराष्ट्र में आदिवासी आबादी बहुत है। आदिवासी इलाकों से बड़ी संख्या में शिवसैनिक आते हैं। विधायक भी हैं… द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने के फैसले का मतलब यह नहीं है कि हम भाजपा का समर्थन कर रहे हैं।”

18 जुलाई को होंगे राष्ट्रपति चुनाव
इस बीच, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की। शिंदे ने कहा, “हमारे सभी विधायक पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें वोट देंगे।” बताते चले कि राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होंगे। एनडीए के उम्मीदवार मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से है।
यह भी पढ़ें:
- President Election 2022 से पहले चाचा शिवपाल ने छोड़ा अखिलेश का साथ, सीएम योगी के कहने पर देंगे द्रौपदी मुर्मू को वोट
- President Election 2022: विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने किया नामांकन
- President Election 2022: BJP ने किया 14 सदस्यीय ‘मैनेजमेंट टीम’ का गठन; गजेंद्र शेखावत बने संयोजक