राजधानी के सबसे व्यस्त चौराहे ITO Crossing में नाला टूटने से आई बाढ़, सेना ने संभाला मोर्चा

0
49
ito crossing
ito crossing

राजधानी का सबसे व्यस्त चौराहा आईटीओ क्रॉसिंग यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के बीच एक नाला टूट जाने से डूब गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक ट्वीट में कहा कि नाला टूट जाने से यह इलाका डूब गया है। इसे तत्काल ठीक करने के लिए सेना और आपदा राहत बल काम में जुट गए हैं।

इस बीच उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटनास्थल का दौरा किया। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कल रात एनडीआरएफ की मदद मांगी गई थी लेकिन वह अब पहुंचे हैं। इसका जवाब देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि ये समय आरोप लगाने का नहीं टीमवर्क करने का है। वहीं सीएम केजरीवाल ने कहा कि अलग अलग जगहों में अलग अलग कारणों से बाढ़ आई है।

इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट किया, “नाला टूट जाने से आईटीओ और आसपास बाढ़ आ गई है। इंजीनियर पूरी रात काम कर रहे हैं। मैंने मुख्य सचिव को सेना/एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया है, लेकिन इसे तत्काल ठीक किया जाना चाहिए।” दरअसल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट किया था कि क्षति को ठीक करने के लिए टीमें पूरी रात काम कर रही थीं, इसके बावजूद यमुना का पानी नाला टूट जाने से आईटीओ क्रॉसिंग की ओर आ रहा है।

बता दें कि दिल्ली के रिंग रोड पर इंद्रप्रस्थ बस डिपो और WHO बिल्डिंग के बीच ड्रेन नंबर 12 का रेगुलेटर कल शाम 7 बजे के आसपास टूट गया था। इसके चलते दिल्ली से यमुना तक पानी ले जाने वाले नाले में पानी उल्टा बहने लगा। केजरीवाल ने कहा है कि यही कारण है कि आईटीओ और आसपास के इलाकों में बाढ़ आ गई है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि पूरी रात इसे ठीक करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। आपको बता दें कि आईटीओ में बिजली के तार चिंता का एक और कारण हैं। पैदल चलने वाले सड़क के डिवाइडर से होकर जा रहे हैं , जहां उन्हें बिजली के झटके लग रहे थे। अधिकारियों ने फिलहाल बिजली काट दी है।

इस बीच ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और सुबह 9 बजे के आसपास 208.40 मीटर दर्ज किया गया। पूरे सप्ताह लगातार बारिश के बीच हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का पानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में फैल गया।

केंद्रीय जल आयोग ने अनुमान लगाया है कि आज जलस्तर में गिरावट आएगी और दोपहर एक बजे तक जलस्तर 208.30 मीटर तक पहुंच सकता है। दिल्ली सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों, श्मशान घाटों और यहां तक कि जल उपचार संयंत्रों को भी बंद कर दिया क्योंकि उफनती यमुना का पानी कल राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भर गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here