IPL 2026 Playoff Race: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है। लीग चरण अंतिम मोड़ पर है और प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। तीन टीमें— आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru), जीटी (Gujarat Titans) और एसआरएच (Sunrisers Hyderabad) पहले ही अंतिम चार में जगह बना चुकी हैं। जिसके बाद अब सबसे बड़ी लड़ाई चौथे और आखिरी प्लेऑफ टिकट के लिए बची हुई है, जहां राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स (Rajasthan Royals, Punjab Kings, Kolkata Knight Riders और Delhi Capitals) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
इस बीच शनिवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम (लखनऊ) में पंजाब और लखनऊ (LSG vs PBKS) का मुकाबला प्लेऑफ समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है।
पंजाब के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति
सीजन की शुरुआत में विस्फोटक अंदाज दिखाने वाली पंजाब किंग्स की टीम फिलहाल मुश्किल स्थिति में फंस गई है। लगातार छह मुकाबलों में हार ने टीम का समीकरण बिगाड़ दिया है।
13 मैचों में 13 अंक लेकर पंजाब फिलहाल पांचवें स्थान पर मौजूद है। टीम के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करना भी बेहद जरूरी हो सकता है।
कारण साफ है — अगर अंक बराबर होते हैं तो नेट रन रेट निर्णायक भूमिका निभाएगा। फिलहाल पंजाब का नेट रन रेट (+0.227) कोलकाता और दिल्ली से बेहतर स्थिति में जरूर है, लेकिन यह अंतर पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
लखनऊ के पास खोने को कुछ नहीं
Lucknow Super Giants पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन ऐसी टीमें अक्सर सबसे खतरनाक साबित होती हैं।
टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद खिलाड़ी बिना दबाव के खुलकर खेलते हैं और विरोधी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर सकते हैं।
लखनऊ के बल्लेबाज इस मुकाबले में आक्रामक क्रिकेट खेल सकते हैं और यही पंजाब के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
किस टीम के पास सबसे मजबूत दावेदारी?
राजस्थान रॉयल्स (14 अंक | +0.083 NRR)
राजस्थान फिलहाल चौथे स्थान पर है और उसके हाथ में स्थिति काफी हद तक बनी हुई है। MI के खिलाफ मुकाबले में 24 मई को एक जीत उन्हें सीधा प्लेऑफ की टिकट दिला सकती है।
पंजाब किंग्स (13 अंक | +0.227 NRR)
पंजाब को अपना आखिरी मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। जीत के साथ टीम को अन्य मुकाबलों के नतीजों पर भी नजर रखनी पड़ेगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (13 अंक | +0.011 NRR)
कोलकाता की स्थिति काफी हद तक दूसरे परिणामों पर निर्भर करती है। कोलकाता अपना अंतिम लीग स्टेज मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 24 मई को खेलेगी। KKR को अपने NRR पर दही ध्यान देना होगा।
दिल्ली कैपिटल्स (12 अंक | -0.871 NRR)
दिल्ली के लिए स्थिति सबसे कठिन नजर आ रही है क्योंकि उसका नेट रन रेट बाकी टीमों से काफी पीछे है। यानी ये कहना गलत नहीं होगा कि दिल्ली को पहले तो बड़े मार्जिन से जीतना होगा और उम्मीद करनी होगी कि बाकि सभी टीमें हार जाएं।
नेट रन रेट बन सकता है सबसे बड़ा गेमचेंजर
इस सीजन प्लेऑफ की लड़ाई सिर्फ अंक तालिका तक सीमित नहीं रह गई है। कई टीमों के अंक बराबर होने की संभावना बनी हुई है और ऐसे में नेट रन रेट निर्णायक साबित हो सकता है।
पंजाब के लिए यही वजह है कि सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत बेहद जरूरी हो सकती है।
क्या बदल जाएगी प्लेऑफ की तस्वीर?
शनिवार का मुकाबला केवल पंजाब और लखनऊ के बीच नहीं होगा, बल्कि यह पूरे प्लेऑफ समीकरण को प्रभावित करने वाला मैच साबित हो सकता है।
अगर पंजाब जीतती है तो वह चौथे स्थान की रेस में मजबूती से बनी रहेगी। लेकिन यदि लखनऊ उलटफेर करती है, तो राजस्थान और कोलकाता को बड़ा फायदा मिल सकता है।
आईपीएल का यही रोमांच इसे दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बनाता है— यहां आखिरी गेंद तक कुछ भी तय नहीं होता।









