UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महज 12 दिनों के भीतर गोरखपुर के दो दौरों में शहर को 1,753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। 11 जुलाई को 758 करोड़ रुपये तथा 23 जुलाई को 995 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर उन्होंने बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क, महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा को नई गति देने का संदेश दिया।
सड़क कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार
मुख्यमंत्री के दोनों दौरों का सबसे बड़ा फोकस सड़क संपर्क को मजबूत करना रहा। 11 जुलाई को उन्होंने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से बनी 11.60 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया। वहीं, 23 जुलाई को गोरखपुर के पहले 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर और पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन मार्ग को जनता को समर्पित किया।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से गोरखपुर की आंतरिक और अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज और नेपाल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नंदानगर पुलिस चौकी-शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई।
महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा पर भी जोर
सड़क परियोजनाओं के साथ मुख्यमंत्री ने सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास के निर्माण का शिलान्यास किया, जिससे कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
इसके अलावा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया। इस केंद्र में उभरती तकनीकों (Emerging Technologies) से संबंधित आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छात्राओं को उद्योग आधारित तकनीकी प्रशिक्षण मिल सकेगा।









