मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए।
अपराध और अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता के मामलों में तेजी लाने के निर्देश
चिकित्सा सहायता से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों से उपचार का इस्टीमेट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आवश्यक इस्टीमेट प्राप्त होते ही सरकार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तुरंत कार्रवाई करेगी।
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की, उन्हें चॉकलेट भेंट की और आशीर्वाद दिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना की।









