‘देशहित सर्वोपरि… हर नागरिक को निभानी होगी सामूहिक जिम्मेदारी’, पश्चिम एशिया संकट पर CM योगी ने जनता से की अपील

0
0

मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi Adityanath) ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और उसके वैश्विक प्रभावों को लेकर देशवासियों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी की तरह इस संकट की घड़ी में भी देश को एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात का असर वैश्विक स्तर पर ईंधन, खाद्य पदार्थों और उर्वरकों की आपूर्ति पर पड़ सकता है। ऐसे समय में हर नागरिक का दायित्व बनता है कि वह ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में योगदान दे।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट और रिन्यूएबल एनर्जी अपनाने की अपील

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अपील का उल्लेख करते हुए लोगों से ईंधन की खपत कम करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कार पूलिंग, मेट्रो, इलेक्ट्रिक व्हीकल और शटल बस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देकर देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर गैस आधारित सामूहिक किचन मॉडल विकसित करने की बात भी कही।

सीएम योगी के मुताबिक प्रदेश के 7700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में संरक्षित 15 लाख से ज्यादा गोवंश के जरिए बायोगैस प्लांट तैयार किए जा सकते हैं, जिससे एलपीजी पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

‘देश रहेगा तो हम सब रहेंगे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश सुरक्षित रहेगा तो नागरिक भी सुरक्षित रहेंगे और देश समृद्ध होगा तो हर व्यक्ति की समृद्धि सुनिश्चित होगी।

उन्होंने अधूरी जानकारी के आधार पर टिप्पणी करने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता से समझने और उस पर विचार करने की जरूरत है।

भारत की सांस्कृतिक शक्ति का उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत सदियों पहले भी समृद्ध था और उसकी ताकत उसकी संस्कृति, ज्ञान और सामाजिक व्यवस्था में निहित थी।

उन्होंने केदारनाथ और रामेश्वरम की धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक एकता ने भारत को हजारों वर्षों तक मजबूत बनाए रखा।

सीएम योगी ने कहा कि लगातार आक्रमणों और शोषण के बावजूद भारत अपनी संस्कृति और पहचान बचाने में सफल रहा, जो विश्व इतिहास में अद्भुत उदाहरण है।

2017 से पहले यूपी की स्थिति पर भी बोले

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश भ्रष्टाचार, अपराध, दंगों और अव्यवस्था से जूझ रहा था।

उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बिजली, सड़क, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश के सभी 75 जिलों और हजारों ग्राम पंचायतों में समान विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है।

यह भी पढ़ें:

आंधी-बारिश से तबाही पर CM योगी सख्त, पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश