UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को गांवों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में हर शुक्रवार नियमित रूप से ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि गांवों से जुड़ी समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके।
मौके पर ही शिकायतों के निस्तारण पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम चौपाल के दौरान प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए। यदि किसी मामले का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो, तो उसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए और संबंधित अधिकारी उसकी नियमित समीक्षा करें। साथ ही शिकायतकर्ता को उसके प्रकरण की प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर फोकस
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और जनसेवा के संकल्प के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं होगी, बल्कि यह ग्रामीण विकास, जनसुनवाई और शासन-प्रशासन के बीच भरोसे को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगी।
सरकार का मानना है कि नियमित ग्राम चौपाल के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समय पर समाधान होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा।









