‘दिल दीवाना हो गया’ के ट्रेलर ने बढ़ाई फिल्म को लेकर उत्सुकता, नए चेहरों के साथ 31 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी रोमांटिक फैमिली ड्रामा

0
1

रोमांस, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित हिंदी फिल्म ‘दिल दीवाना हो गया’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ग्रांडवे प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 31 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता इश्पॉल सिंह चावला हैं, जबकि निर्देशन राजीव शामलाल सोनी ने किया है।

फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें स्थापित सितारों की बजाय तीन नए कलाकारों को मुख्य भूमिकाओं में मौका दिया गया है। काजल चौहान, भानूज सूद और शुभकरण भोपाल इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं मुश्ताक खान, राजू खेर, अरुण बक्शी, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

कहानी और संगीत पर निर्माताओं का भरोसा

निर्माता इश्पॉल सिंह चावला का कहना है कि किसी भी फिल्म की असली ताकत उसकी कहानी, अभिनय और संगीत होते हैं। इसी सोच के साथ फिल्म के लिए कलाकारों का चयन किया गया है। फिल्म में कुल पांच गीत हैं, जिनका संगीत विष्णु नारायण ने तैयार किया है। निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म का संगीत भी दर्शकों को पसंद आएगा।

मुंबई में हुआ ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च

हाल ही में मुंबई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में फिल्म का ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में मीडिया और फिल्म जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। ट्रेलर को मिली शुरुआती सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म की शूटिंग मुंबई और मनाली की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है। निर्माताओं का दावा है कि ‘दिल दीवाना हो गया’ एक ऐसी साफ-सुथरी फैमिली एंटरटेनर है, जिसे हर आयु वर्ग के दर्शक पूरे परिवार के साथ देख सकते हैं। फिल्म का ऑल इंडिया वितरण जे.बी. पिक्चर्स द्वारा किया जाएगा।