उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान आई तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। जनहानि, पशुहानि, फसल नुकसान और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री (CM Yogi Adityanath) ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत 19 जिलों से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। खराब मौसम की वजह से कई कच्चे और पक्के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे कराने और पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा राशि जारी की जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को हर तीन घंटे में मौसम और राहत कार्यों की स्थिति का अपडेट भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भी राहत कार्यों, बचाव अभियानों और मुआवजा वितरण की जानकारी साझा करने को कहा है, ताकि आम जनता तक सही सूचना पहुंच सके।
प्रदेश सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।









