सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर करें मंत्री: सीएम योगी का मितव्ययिता और ऊर्जा संरक्षण पर बड़ा संदेश

0
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शासन-प्रशासन में सादगी, ऊर्जा संरक्षण और जवाबदेही की नई कार्यसंस्कृति विकसित करने की दिशा में बड़ा संदेश दिया है। बुधवार (13 मई) को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आयोजित विस्तारित कैबिनेट की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।

सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के ईंधन बचत संबंधी आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

मंत्री अपनाएं मेट्रो, बस और कारपूलिंग

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि सप्ताह में एक दिन मेट्रो, बस, ई-रिक्शा, कारपूलिंग या साइकिल जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करें। उनका मानना है कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और आमजन भी ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रेरित होंगे।

इसके साथ ही उन्होंने मंत्रीगणों से अपनी वाहन फ्लीट में 50 प्रतिशत तक कटौती करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने अगले छह महीनों तक अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर विदेश यात्राओं से बचने के निर्देश भी दिए।

डिजिटल कार्यसंस्कृति और वर्क फ्रॉम होम पर जोर

सीएम योगी ने सरकारी बैठकों और प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल तकनीक के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विधानमंडल की समितियों की बैठकें यथासंभव हाइब्रिड मोड में आयोजित की जाएं।

उन्होंने 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था लागू करने की भी बात कही।

एसी उपयोग और ऊर्जा बचत को लेकर निर्देश

मुख्यमंत्री ने सचिवालय और निदेशालय स्तर पर एयरकंडीशनर और लिफ्ट के आवश्यकता आधारित उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने और प्राकृतिक प्रकाश के अधिक उपयोग पर जोर दिया।

साथ ही प्रदेश में सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई नीति तैयार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और ऊर्जा-कुशल परिवहन व्यवस्था समय की जरूरत है।

‘वोकल फॉर लोकल’ और ODOP को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने सामाजिक आयोजनों में भी सादगी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों के लिए घरेलू स्थलों को प्राथमिकता दी जाए ताकि स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

उन्होंने मंत्रियों से उपहार स्वरूप उत्तर प्रदेश में निर्मित वस्तुओं का ही उपयोग करने को कहा। सीएम योगी ने ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के स्थानीय उत्पाद गुणवत्ता और विविधता दोनों में समृद्ध हैं।

PNG, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने एलपीजी के स्थान पर पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने और इसके लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती, तिलहन उत्पादन और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया।

उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को जनांदोलन का रूप देने और आयातित वस्तुओं के उपयोग को कम करने की अपील की।

नए मंत्रियों को दिया जिम्मेदारी का संदेश

बैठक में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मंत्रियों का परिचय कराते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही सबसे अधिक होती है और जनता रोज उनके काम का मूल्यांकन करती है।

उन्होंने नए मंत्रियों को अनुभवी साथियों से सीखने और कम समय में बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी। साथ ही कैबिनेट मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे विभागीय निर्णयों में राज्य मंत्रियों की राय भी अवश्य शामिल करें।