GT vs SRH: नंबर-1 की जंग में कौन मारेगा बाजी? अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस-सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर, जानें किसका पलड़ा भारी

0
0

GT vs SRH IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है और मंगलवार (12 मई) को होने वाला मुकाबला पॉइंट्स टेबल की तस्वीर बदल सकता है। आईपीएल का 56वां मैच गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि नंबर-1 की कुर्सी की जंग माना जा रहा है। दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और लगातार जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ा चुकी हैं।

दोनों टीमों का शानदार फॉर्म

सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन सबसे खतरनाक टीमों में से एक बनकर उभरी है। कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) के नेतृत्व में टीम ने अपने पिछले सात मुकाबलों में छह जीत दर्ज की हैं (कमिंस से पहले ईशान को टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई थी। आक्रामक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी ने SRH को टेबल के शीर्ष तक पहुंचा दिया है।

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस भी किसी से पीछे नहीं है। कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) की अगुवाई में टीम लगातार चार मुकाबले जीत चुकी है और फिलहाल तीसरे स्थान पर मौजूद है।

ऐसे में आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम हो जाता है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे टेबल टॉपर बन सकती है।

हेड-टू-हेड में गुजरात का दबदबा

अगर दोनों टीमों के बीच पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें, तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी दिखाई देता है।

अब तक खेले गए मुकाबलों में गुजरात ने सनराइजर्स हैदराबाद पर 5-1 की बढ़त बना रखी है। खास बात यह है कि अहमदाबाद में दोनों टीमों के बीच खेले गए तीनों मुकाबले गुजरात ने जीते हैं।

यह आंकड़ा गुजरात को मानसिक बढ़त जरूर देता है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए SRH को हल्के में लेना बड़ी गलती हो सकती है।

गुजरात की ताकत— मजबूत टॉप ऑर्डर और अनुभवी गेंदबाजी

गुजरात के लिए इस सीजन शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी लगातार रन बना रही है। वहीं Jos Buttler जैसे विस्फोटक बल्लेबाज टीम को गहराई देते हैं।

गेंदबाजी में राशिद खान मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा (Rashid Khan, Mohammed Siraj and Kagiso Rabada) जैसे अनुभवी खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

SRH की बल्लेबाजी सबसे बड़ी ताकत

सनराइजर्स हैदराबाद की सफलता का सबसे बड़ा कारण उसकी आक्रामक बल्लेबाजी रही है। ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन (Travis Head, Abhishek Sharma और Heinrich Klaasen ने इस सीजन कई मैचों में विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया है।

इसके अलावा, कप्तान पैट कमिंस ने गेंद और कप्तानी दोनों से टीम को नई ऊर्जा दी है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XII

गुजरात टाइटंस संभावित XII:

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, मानव सुथार, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

सनराइजर्स हैदराबाद संभावित XII:

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नितीश रेड्डी, अनिकेत वर्मा/स्मरण रविचंद्रन, सलील अरोड़ा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा।

क्या कहती है पिच?

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, लेकिन नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद भी मिल सकती है।

ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

GT vs SRH का यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने की लड़ाई नहीं, बल्कि आईपीएल 2026 में दबदबा साबित करने का मौका भी है। एक ओर गुजरात का घरेलू रिकॉर्ड मजबूत है, तो दूसरी ओर SRH का मौजूदा फॉर्म शानदार।

अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद की इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत में नंबर-1 की कुर्सी किस टीम के नाम होती है।