हमारे समय की वास्तविकता को समझने और उस पर गंभीरता से विचार करने को प्रेरित करती है Why Bharat Matters

0
18

विदेश मंत्री एस जयशंकर की किताब, ‘व्हाई भारत मैटर्स’, पिछले एक दशक में भारत की विदेश नीति के विकास के बारे में है। यह किताब आज की दुनिया की एक निष्पक्ष तस्वीर बताती है। साथ ही इसकी जटिलताओं और भारत पर उनके प्रभावों का एक तटस्थ विश्लेषण करती है। लेखक के अनुसार, भारत के विदेश मामलों में हाल के बदलावों को सही से समझा जाना चाहिए। यह किताब मोदी सरकार की विदेश नीति को समझाने का काम करती है।

इसके अलावा यह किताब विदेश मामलों में लेखक के 47 साल के लंबे अनुभवों को भी साझा करती है। इस किताब की खासियत ये है कि बीच-बीच में रामायण के प्रसंगों को उद्धृत किया गया है। ‘व्हाई भारत मैटर्स’ रामायण से ली गई समकालीन विदेश नीति की व्याख्याओं और परिप्रेक्ष्यों से जुड़ी हुई है।

लेखक भारत की ‘नेबर फर्स्ट’ नीति के बारे में भी बताते हैं। लेखक का तर्क है कि आज दुनिया के बारे में भारत की सोच के मूल में उसका पड़ोस है। पुस्तक इसलिए पढ़ी जानी चाहिए क्योंकि यह भारत की घरेलू स्थिति के साथ-साथ इसके बाहरी मामलों के बारे में यथार्थवाद की गहरी समझ बनाती है।

जयशंकर लिखते हैं, “2015 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन वैश्विक शक्ति बनने की भारत की इच्छा को सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया। कुछ लोगों ने इसे केवल एक बयान के रूप में माना, जबकि वास्तव में इसका मतलब एक आकांक्षा की अभिव्यक्ति था… 2023 में, तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने के दृढ़ संकल्प में प्रधानमंत्री ने भी यही सोच दोहराई।”

किताब में विदेश मंत्री जयशंकर बताते हैं कि आज की दुनिया अशांत और अप्रत्याशित है। आज की दुनिया पर कोविड , यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्ष, जलवायु घटनाओं, कट्टरपंथ और आतंकवाद का प्रभाव है। यहां जटिल भू-राजनीति काम करती है। मौजूदा समय में चीन का उदय हुआ है,अमेरिका-रूस की रणनीति बदली है, वैश्वीकरण का प्रभाव है और नई तकनीक शक्ति के रूप में उभरी है।

बकौल जयशंकर, “कूटनीति आधुनिक नहीं है; यह मानव जाति जितनी ही पुरानी है। यह एक जटिल कौशल है।” किताब में एक राजनयिक के रूप में हनुमान का उल्लेख है। विभीषण को दलबदलू भाई नहीं बल्कि ज्ञान का स्रोत बताया गया है।

इस किताब में बताया गया है कि भारत विश्व मित्र के रूप में, ग्लोबल साउथ की भलाई चाहता है। अमृत काल में प्रवेश करते हुए, भारत अपनी परंपरा और विरासत के प्रति ईमानदार रहते हुए विकास और प्रगति के युग की कल्पना करता है।

”व्हाई भारत मैटर्स में”, एस जयशंकर बताते हैं कि क्यों वैश्वीकृत दुनिया में विदेश नीति सभी नागरिकों के लिए उनके दैनिक जीवन में तेजी से मायने रखती है। यह किताब प्रत्येक भारतीय को हमारे समय की वास्तविकता को समझने और उस पर गंभीरता से विचार करने के लिए जरूर पढ़नी चाहिए।

किताब Why Bharat Matters के बारे में-

लेखक- एस जयशंकर

प्रकाशक- रूपा पब्लिकेशन

मूल्य- 695 रुपये (हार्डकवर)

पृष्ठ संख्या- 226

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here