राम मंदिर का मुद्दा बीजेपी के तमाम मुद्दों में से एक मुद्दा है जिसे वो यूपी चुनाव में भी भुनाने में कामियाब रही थी। अब सीएम योगी इस दिशा में काम भी करने जा रहे हैं। ‘नव्य अयोध्या’ प्लान के तहत योगी सरकार अयोध्या में भगवान राम की विशाल मूर्ति बनाने की तैयारी कर रही है। यह मूर्ति सरयू तट पर बनवाई जाएगी, जिसकी ऊंचाई 100 मीटर होगी।

राज्य पर्यटन विभाग यूपी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना चाहता है। ऐसे में पर्यटन विभाग ने सरयू तट पर भगवान राम की मूर्ति बनवाने का एक प्रेजेंटेशन राज्यपाल राम नाईक को भी दिखाया है। बताया जा रहा है कि यह भगवान राम की दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति होगी। इसके लिए सरकार एनजीटी से भी इजाजत लेगी।

इस प्रेजेंटेशन को पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बनाई है। इसमें अयोध्या में 18 अक्टूबर को होने वाले दिवाली समारोह का पूरा ब्यौरा है। मूर्ति के बारे में बताते हुए पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रपोजल पर मंजूरी के लिए एनजीटी को चिट्ठी लिखी गई है। अब हमें वहां से उनके मंजूरी का इंतजार है। इस प्रपोजल में सरयू तट पर राम की मूर्ति के अलावा एक राम कथा गैलरी भी बनवाने का भी प्रपोजल है। दिगंबर अखाड़ा परिसर में एक ऑडिटोरियम और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं बनाने की भी योजना है।

बता दें कि पर्यटन मंत्रालय की ओर से राज्य सरकार को अब तक 133.70 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। योगी सरकार ने 195.89 करोड़ रुपये की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेज दी है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी छोटी दिवाली राम नगरी अयोध्या में मनाएंगे। प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी ने बताया कि 18 अक्टूबर को राम की पैड़ी पर 1,71,000 दीप जलाए जाएंगे। इससे पहले सुबह हेरिटेज वॉक होगी। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन को दर्शाते हुए भव्य शोभायात्रा और राज्यभिषेक का आयोजन भी किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री योजनाओं का शिलान्यास, प्रधानमंत्री आवास योजना, नए बिजली कनेक्शन और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र का वितरण करेंगे। सरयू नदी पर बने नए घाट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री आरती करेंगे और लेजर शो होगा। इंडोनेशिया और थाईलैंड के कलाकार रामलीला का मंचन भी करेंगे।

हालांकि इस दौरान मुख्यमंत्री योगी  के अलावा राज्यपाल राम नाईक सहित कई मंत्री अयोध्या में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री केजे अल्फॉन्स और केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा भी शिरकत करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा अयोध्या और राम से जुड़े सभी स्थानों को विकसित करने की योजना बनाई गई है। योगी के सीएम बनने के बाद अब तक अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए 14 ट्रक पत्थर पहुंच चुके हैं। वहीं राम मंदिर कार्यशाला में इन पर नक्काशी का काम लगातार चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here