Year Ender 2023: इस साल इन 9 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव, जानें कैसा रहा बीजेपी और कांग्रेस का प्रदर्शन… ­­

0
56

Year Ender 2023 : इस साल यानी 2023 में देश के कुल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए। इनमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम, तेलंगाना, कर्नाटक, त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड शामिल है। साल 2023 की कुछ ही समय में विदाई होने वाली है, यह साल देश की राजनीति में उतार-चढ़ाव का गवाह रहा है। जहां एक ओर दिसंबर के महीने में पांच राज्यों को नया सीएम मिला। वहीं साल के शुरुआती महीनों में 3 पूर्वी और एक दक्षिणी राज्य में गठबंधन और पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। आइए जानते हैं कि 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में कौन जीता और कौन हारा।

9 राज्यों में से 4 राज्यों में बहुमत की सरकार बनने पर यह साल बीजेपी के लिए बहुत खास साबित हुआ। इसके साथ ही नागालैंड और मेघालय में बीजेपी गठबंधन के साथ मिलकर सरकार चला रही है। यानी कि 9 राज्यों में से 6 राज्यों में बीजेपी सरकार में है। वहीं दूसरी ओर इस साल कांग्रेस की 2 राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है।

Year Ender 2023 : 2023 में हुए 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव

1 त्रिपुरा

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में बीजेपी अलायंस को बहुमत हासिल हुआ। राज्य में 60 सीटों पर मतदान 16 फरवरी 2023 को हुआ। 2 मार्च को चुनाव परिणाम आए। बता दें कि बीजेपी गठबंधन को कुल मिलकर 33 सीटें मिलीं। हालांकि, साल 2018 के मुकाबले यह 11 सीटें कम थी। तब बीजेपी को 36 और उसकी सहयोगी आईपीएफटी पार्टी को 8 सीटें मिली थीं।

बीजेपी ने अपने दम पर 32 सीटें जीती हैं, वहीं आईपीएफटी ने एक सीट जीती। वहीं सीपीएम-कांग्रेस गठबंधन ने कुल 14 सीटों पर जीत हासिल की, जिसमें सीपीएम को 11 और कांग्रेस को 3  सीटें नसीब हुई। बता दें कि सीपीएम और कांग्रेस ने यहां पहली बार चुनावी गठबंधन किया था। माणिक साहा को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया।

2. मेघालय

राज्य में 59 सीटों पर मतदान 27 फरवरी 2023 को हुआ। 2 मार्च को चुनाव परिणाम आए। राज्य में फिर से BJP के गठबंधन की वापसी हुई। चुनाव के नतीजों में बीजेपी के खाते में केवल 2 सीटें आई। नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) ने 26 सीटों पर जीत दर्ज करके सरकार बनाई। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 11, कांग्रेस को 5 और टीएमसी को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई। चुनावी नतीजों के बाद नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन में कॉनराड संगमा मुख्यमंत्री बनाए गए।

3. नागालैंड

13वीं नागालैंड विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च 2023 को समाप्त होने वाला था। राज्य में 60 सीटों पर मतदान 27 फरवरी 2023 को हुए। 2 मार्च को चुनाव परिणाम आए।

अगर सीटों की बात करें तो भाजपा के खाते में 12, नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को 25 सीट हासिल हुई। वहीं कांग्रेस राज्य में खाता तक खोल न सकी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और नैशनल पीपल्स पार्टी को क्रमशः 7 और 5 सीटों पर जीत हासिल हुई। अन्य के खातों में 11 सीटें आई।

चुनाव के बाद राज्य में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन ने सरकार बनाई, जिसमें नेफ्यू रियो राज्य के मुख्यमंत्री बने।

4. कर्नाटक

कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव में 224 सीटों के लिए 10 मई को मतदान हुआ और तीन दिन के भीतर 13 मई को चुनाव नतीजे आए। इसमें कांग्रेस को 136 सीटें हासिल हुई और उसने राज्य में बहुमत वाली सरकार बनाई। बीजेपी को 65 सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। इसके साथ ही बीजेपी का राज्य में दूसरी बार सरकार बनाने का सपना भी टूट गया। जेडीएस को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई। जबकि अन्य के खाते में 4 सीटें आईं। नतीजों के बाद सिद्धारमैया को कांग्रेस ने सीएम की कुर्सी पर बिठाया।

5. छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मतदान को दो चरणों में किया गया। 7 नवंबर 2023 को पहले चरण में 20 सीटों के लिए वोटिंग हुई। इसके बाद 17 नवंबर 2023 को 70 सीटों पर मतदान हुआ। 3 दिसंबर के दिन चुनाव के नतीजे आए। इन चुनावों में बीजेपी को 54 सीटों पर बहुमत हासिल हुआ। कांग्रेस को केवल 35 सीटों पर जीत मिली। वहीं 1 सीट अन्य को मिली। बीजेपी ने राज्य में एक नया सीएम उतारा, विष्णु देव साय को बीजेपी ने सीएम बनाया।   

6. मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के चुनाव, छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण के चुनाव के दिन ही 17 नवंबर 2023 को हुए। इस दिन एमपी में 230 सीटों के लिए मतदान हुआ। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 163 सीटों पर जीत हासिल करके प्रचंड बहुमत से राज्य में दोबारा सरकार बनाने में कामयाब रही। हालांकि, शिवराज सिंह को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया, उनकी जगह मोहन यादव को मुख्यमंत्री का पद सौंपा गया।  

इसके अलावा, कांग्रेस ने एमपी में 66 सीटें जीतीं, जबकि 1 सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी को जीत हासिल हुई।    

7. राजस्थान

राजस्थान विधानसभा चुनाव में 199 सीटों पर 25 नवंबर 2023 के दिन मतदान हुआ। 3 दिसंबर को चुनावों के नतीजे आए। इसमें बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत दर्ज करके, अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को पूर्ण बहुमत से, राज्य से निकाल बाहर किया।

राजस्थान में कांग्रेस को 69, बसपा को 2 और अन्य को 15 सीटों पर जीत मिलीं। बीजेपी ने राज्य में इस बार वसुंधरा राजे की जगह भजनलाल शर्मा को सीएम की कुर्सी सौंपी।

8. तेलंगाना

तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर 2023 को मतदान हुआ। तीन दिसंबर को नतीजे आए। यहां कांग्रेस ने 64 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया। बता दें कांग्रेस ने भारत ऱाष्ट्र समिति (BRS) पार्टी के राज्य में 10 साल के राज का अंत किया। बीआरएस को इस चुनाव में 39 सीटों पर जीत मिली, जबकि बीजेपी के खाते में सिर्फ 8 सीटें आई। वहीं, एआईएमआईएम को 7 सीटों पर जीत हासिल हुई। और एक सीट अन्य के खाते में भी गई। तेलंगाना में जीत के साथ दक्षिण भारत में कांग्रेस की स्थिति और भी मजबूत हो गई। तेलंगाना में रेवंत रेड्डी को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाया।   

9. मिजोरम

मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान 7 नवंबर 2023 को हुआ। मिजोरम के चुनावी नतीजे सबसे आखिर में 4 दिसंबर को आए। बता दें, मिजोरम में 40 सीटों के लिए वोटिंग हुई, जिसमें जोरम पिपुल्स मूवमेंट (ZPM) को 27, मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) को 10, बीजेपी को 2, कांग्रेस को 1 और अन्य को 1 सीट पर जीत हासिल हुई। जोरम पिपुल्स मूवमेंट पार्टी ने राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। ZPM ने लालदुहोमा को मुख्यमंत्री बनाया।

बीजेपी ने इस साल 9 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से 4 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, कांग्रेस ने दक्षिण के राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत की है। राजनीतिक विशेषज्ञों द्वारा इन विधानसभा चुनावों को लोकसभा चुनाव 2024 का सेमाइफाइनल बताया गया है। हालांकि, विधानसभा चुनावों के नतीजों से लोकसभा चुनाव 2024 पर असर पड़े ऐसा जरूरी नहीं है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here