Haryana New CM: खट्टर का इस्तीफा, अब कौन होगा नया मुख्यमंत्री? हरियाणा सीएम रेस में दो नाम सबसे आगे

0
16

हरियाणा में सियासी भूचाल सा आ गया है। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज यानी मंगलवार को अपना इस्तीफा हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को सौंप दिया। इसके साथ ही खट्टर सरकार के मंत्रिमंडल ने भी स्तीफा दिया। जानकारी के मुताबिक, खट्टर करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। खट्टर के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए नए नामों पर चर्चा शुरू हो चुकी है। नए सीएम के रेस में 2 बीजेपी नेताओं के नाम सुर्खियां बटोर रहे हैं।

इसके अलावा, बता दें कि हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी के बीच गठबंधन टूट गया है। कयास लागए जा रहे हैं कि आज ही हरियाणा में राज्य के नए सीएम के नाम कि घोषणा हो सकती है।   

हरियाणा CM की रेस में कौन-कौन?

हरियाणा के नए मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में बीजेपी नेता नायब सिंह सैनी का नाम चर्चा में सबसे आगे बना हुआ है। जबकि, संजय भाटिया को भी सीएम पद का उम्मीदवार माना जा रहा है। ऐसे में, आइए जानते हैं कौन हैं ये नायब सैनी और संजय भाटिया, जिनमें से कोई एक हरियाणा का नया मुख्यमंत्री बन सकता है।

कौन हैं नायब सिंह सैनी?

नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी 1970 को अंबाला के गांव मिज़ापुर माजरा में हुआ था। सैनी ने बीए और एलएलबी से ग्रेजुएशन किया है। कॉलेज के दौरान वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े और तभी उनकी पहचान मनोहर लाल खट्टर से हुई।

नायब सिंह सैनी मौजूदा समय में हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही, सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद भी हैं। सैनी हरियाणा सरकार में मंत्री पद पर भी रह चुके हैं।  सांसद बनने से पहले सैनी हरियाणा के नारायणगढ़ विधानसभा से विधायक (2014-2019) रहे। इससे पहले सैनी ने (2002-2014) भाजपा के अंबाला जिला अध्यक्ष, किसान मोर्चा भाजपा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री, युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष और युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री जैसे पदों पर रहकर पार्टी के लिए काम किया।   

कौन हैं संजय भाटिया?

संजय भाटिया का जन्म 29 जुलाई, 1967 में हरियाणा के पानीपत जिले में हुआ था। कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बी. कॉम में ग्रेजुएशन के दौरान भाटिया ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को जॉइन किया था। साल 1987 में भाटिया को ABVP का मंडल सेक्रेटरी बनाया गया। फिर साल 1989 में वह ABVP के जिला महासचिव बने। साल 1998 में भाटिया को बीजेपी युवा मोर्चा के राज्‍य महासचिव पद दिया गया।      

संजय भाटिया मौजूदा समय में करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के सांसद हैं। इसके साथ ही संजय भाटिया हरियाणा के कई बोर्डों के सदस्य और अध्यक्ष भी रह चुके हैं। संजय ने हरियाणा खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष के तौर पर भी काम किया है। साल 2019 में उन्होंने अपने पहले ही लोकसभा चुनाव में बतौर उम्मीदवार बड़ी जीत हासिल की थी। संजय ने 70.08 फीसदी के वोट शेयर के साथ करनाल लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। बता दें कि इससे पहले इस सीट पर बीजेपी के ही अश्विनी चोपड़ा सांसद थे।     

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here