केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर परिवार तंत्र की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि गांधी परिवार से आने वाली प्रियंका गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाना लोकतंत्र पर परिवार तंत्र के हावी होने को प्रमाणति करता है। सिंह ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की शानदार जीत होगी और एक बार फिर केंद्र मे राजग की सरकार बनेगी।

प्रियंका गांधी को कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाये जाने पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि लोकतंत्र पर परिवार तंत्र हावी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और महागठबंधन में उसकी साथी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) परिवार तंत्र की राजनीति करती है जबकि भाजपा लोकतंत्र मे विश्वास रखती है जिसका उदाहरण अमित शाह जैसे सामान्य कार्यकर्ता का दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना है।

सिंह ने कहा है कि इस वर्ष होने वाले  लोकसभा चुनाव मे राजग विकास के मुद्वो को लेकर जनता के बीच जायेगी।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का तीव्र  गति से विकास हुआ है और केन्द्र सरकार का मुख्य उद्धेश्य सबका विकास एवं  सबका साथ है।

भाजपा नेता ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि  राममंदिर का मुद्दा सौ करोड़ हिन्दुओं की आस्था का सवाल है और भाजपा के  कार्यकताओं के कण-कण में यह मुद्दा है, जो मिटने वाला नहीं है। बिहार मे  बढ़ते अपराध के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  कभी भी अपराध और भ्रष्टाचार से समझौता नहीं कर सकते।  इस अवसर पर  भाजपा के प्रदेश सचिव जगन्नाथ ठाकुर, भाजपा के विधान पार्षद हरिनारायण  चौधरी, भाजपा के पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष राम  सुमरन सिंह समेत अन्य नेता उपस्थित थे।

-साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here