देश की पहली बुलेट ट्रेन का इंतज़ार अब खत्म होने को है क्योंकि गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे देश की पहली बुलेट ट्रेन की आधारशिला रखने जा रहे हैं। गुजरात में होने वाले कार्यक्रम में अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना की शुरुआत की जाएगी।

बता दें कि पीएम मोदी ने 2014 में चुनाव से पहले देश में रेल की स्थिति सुधारने के अलावा बुलेट ट्रेन शुरू करने का भी वादा किया था।  उसी वादे के तहत अब पीएम मोड़ो इसकी शुरुआत करने जा रहे हैं।

वहीं इस दौरे को लेकर अहमदाबाद शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत के करीबी और महत्वपूर्ण सहयोगी जापान के प्रधानमंत्री आबे का भव्य और यादगार स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आबे 13 सितंबर की दोपहर को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच जाएंगे। वहां से वह साबरमती के गांधी आश्रम जायेंगे। इसके बाद वह अहमदाबाद को यूनेस्को के विश्व विरासत शहर में शामिल किये जाने से जुड़े एक कार्यक्रम में सीदी सैयद की जाली के पास शिरकत करेंगे। इसके बाद वह कुछ राजनयिक बैठकों  में भाग लेंगे। अगले दिन यानी 14 सितंबर को मोदी और आबे अहमदाबाद के साबरतती रेलवे स्टेशन पर बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए भूमिपूजन करेंगे।

हाई-स्पीड रेल की शुरुआत करने वाले देशों में शुमार जापान की शिंकशेन बुलेट ट्रेन दुनिया की सबसे तेज रेलों में से एक है।अहमदाबाद को मुंबई से जोड़ने वाले इस बुलेट ट्रेन प्रॉजेक्ट में जापान कुल लागत का 85 प्रतिशत सॉफ्ट लोन की तरह देगा। इस बुलेट ट्रेन प्रॉजेक्ट की अनुमानित लागत 19 बिलियन डॉलर (करीब एक हजार अरब रुपये) है। बुलेट ट्रेन दोनों शहरों के बीच की दूरी 8 घंटे से घटा कर 3.5 घंटे कर देगी। इस प्रॉजेक्ट का दिसंबर 2023 में पूरा होने का अनुमान है। इस ट्रेन में एकसाथ 750 यात्री सफर कर पाएंगे।

गौरतलब है कि रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आधारशिला रखने के बाद भारतीय व जापानी प्रतिनिधिमंडल के बीच एक निवेश शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें जापान विदेश व्यापार संगठन और जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here