‘मत करिए चिंता, इलाज में सरकार करेगी पूरी मदद’, जनता दर्शन में बोले CM योगी

0
1

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में हर संभव मदद करेगी।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री करीब 200 फरियादियों से मिले। उन्होंने लोगों के बीच जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इलाज के लिए मदद मांगने वालों को मिला भरोसा

कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। एक महिला ने अपने बच्चे के इलाज में आर्थिक परेशानी और आयुष्मान कार्ड न होने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी।

इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा, “मत करिए चिंता, बच्चे का इलाज जरूर होगा। आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।”

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज से जुड़े मामलों में इस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द सहायता मिल सके।

एक अन्य महिला को भी मुख्यमंत्री ने इसी तरह आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार किसी भी जरूरतमंद को इलाज के अभाव में परेशान नहीं होने देगी।

अपराध और जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त रुख

जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन कब्जा और अपराध से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समाधान तय समयसीमा के भीतर पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

बच्चों को दुलार, लोगों को मिला आत्मीय संवाद

जनता दर्शन के दौरान कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को प्यार-दुलार दिया और उन्हें चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद भी दिया।

मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। कई लोगों ने कहा कि जनता दर्शन के जरिए आम लोगों को सीधे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिलता है।

जनता दर्शन बना त्वरित समाधान का माध्यम

गोरखनाथ मंदिर में नियमित रूप से आयोजित होने वाला जनता दर्शन कार्यक्रम अब पूर्वांचल के लोगों के लिए अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व और सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री स्वयं अधिकारियों को निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं।