UAE दौरे पर PM मोदी का बड़ा कूटनीतिक दांव, रक्षा-ऊर्जा समेत कई रणनीतिक समझौतों पर बनी सहमति; जानें क्या-क्या डील हुई

0
1

PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने छह दिवसीय पांच देशों के विदेश दौरे की शुरुआत संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से की, जहां भारत और UAE के बीच रक्षा, ऊर्जा, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई अहम रणनीतिक समझौतों पर सहमति बनी। वेस्ट एशिया में बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत की ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय रणनीतिक उपस्थिति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अबूधाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान UAE एयरफोर्स के F-16 फाइटर जेट्स ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट कर विशेष सम्मान दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

ऊर्जा सुरक्षा पर बड़ा फोकस

बैठक के दौरान भारत और UAE के बीच LPG की दीर्घकालिक सप्लाई को लेकर महत्वपूर्ण समझौता हुआ। इसके अलावा स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व को लेकर भी दोनों देशों ने MoU पर हस्ताक्षर किए।

विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण माहौल के बीच यह समझौता भारत की ऊर्जा जरूरतों को स्थिरता देने में अहम भूमिका निभा सकता है।

UAE पहले से ही भारत के प्रमुख कच्चे तेल और LNG सप्लायर्स में शामिल है। हाल ही में OPEC से अलग होने के संकेत और 2027 तक क्रूड ऑयल उत्पादन 50 लाख बैरल प्रतिदिन तक बढ़ाने की योजना के बाद UAE की वैश्विक ऊर्जा भूमिका और मजबूत होती दिखाई दे रही है।

रक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर साझेदारी को नई दिशा

भारत और UAE के बीच स्ट्रेटेजिक डिफेन्स पार्टनरशिप फ्रेमवर्क एग्रीमेंट (Strategic Defence Partnership Framework Agreement) पर भी सहमति बनी। यह समझौता रक्षा उद्योग, साइबर सुरक्षा, काउंटर टेररिज्म, इनोवेशन और इंटरऑपरेबिलिटी जैसे क्षेत्रों को कवर करेगा।

इसके अलावा गुजरात के वाडिनार में शिप रिपेयर कलस्टर (Ship Repair Cluster) स्थापित करने को लेकर भी दोनों देशों के बीच MoU साइन हुआ। इसे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की समुद्री क्षमता और लॉजिस्टिक नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

भारत में 5 अरब डॉलर निवेश का ऐलान

UAE ने भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, RBL बैंक और सम्मान कैपिटल में 5 बिलियन डॉलर यानी करीब 5 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश की घोषणा भी की।

यह निवेश भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, वित्तीय सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा और वेस्ट एशिया के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की।

‘भारत-UAE दोस्ती भरोसे की साझेदारी’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि भारत और UAE के रिश्ते आपसी भरोसे और साझा विकास की भावना पर आधारित हैं।

उन्होंने लिखा कि दोनों देश बेहतर भविष्य के निर्माण के लक्ष्य के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

पूर्व भारतीय राजदूत संजय सुधीर ने भी इस दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वेस्ट एशिया के मौजूदा हालात में प्रधानमंत्री मोदी की UAE यात्रा भारत की ओर से एक मजबूत रणनीतिक और कूटनीतिक संदेश है।

अब इन देशों का दौरा करेंगे पीएम मोदी

UAE दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर जाएंगे। 15 मई से 20 मई तक चलने वाला यह दौरा भारत की वैश्विक रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।