गोरखपुर को मिली बड़ी सौगात, 393 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, CM योगी करेंगे शिलान्यास

0
0
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

गोरखपुर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (16 मई) को शहर में बनने वाले अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। लगभग 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम पूर्वांचल के खेल ढांचे को नई ऊंचाई देने वाला माना जा रहा है।

शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य गोरखपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाना है।

46 एकड़ में बनेगा आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम

गोरखपुर के ताल नदोर क्षेत्र में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करीब 46 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता लगभग 30 हजार होगी।

स्टेडियम को ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किया जाएगा। मुख्य मैदान पर खिलाड़ियों के लिए 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी।

पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में करीब 14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा नॉर्थ पैवेलियन में 208 वीआईपी और 382 मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं साउथ पैवेलियन में वीवीआईपी और वीआईपी मेहमानों के लिए 1708 सीटों की व्यवस्था रहेगी।

डे-नाइट मैचों के लिए हाईटेक व्यवस्था

स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाई मास्ट फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे यहां डे-नाइट क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन भी संभव हो सकेगा।

इसके अलावा इस परिसर का उपयोग केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। यहां बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक और अन्य खेल आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन ने ताल नदोर क्षेत्र में भूमि उपलब्ध कराई थी। इसके बाद 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

परियोजना की पहली किश्त के रूप में सरकार द्वारा 63.39 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिसके जरिए शुरुआती निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग (भवन खंड) के अनुसार अब तक लगभग 7 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना को निर्धारित समयसीमा के तहत 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बेहतर कनेक्टिविटी बनेगी बड़ी ताकत

ताल नदोर में बनने वाला यह स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे से जुड़ा हुआ है।

स्टेडियम की दूरी गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर होगी, जिससे खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना आसान रहेगा।

पूर्वांचल को मिलेगा नया स्पोर्ट्स हब

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना गोरखपुर और पूर्वांचल क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

इसके अलावा बड़े खेल आयोजनों के जरिए पर्यटन, होटल और स्थानीय कारोबार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।