यूपी के प्रयागराज में आज मौनी अमावस्या पर दूसरा शाही स्नान है। आज सोमवार होने के कारण इसे सोमवती मौनी अमावस्या भी कहा जा रहा है। संगम में आज तीन करोड़ से अधिक लोगों के स्नान करने की उम्मीद है। सभी तेरह अखाड़ों को तीन वर्गों में बांटा गया है। सन्यासी, बैरागी और उदासीन। सबसे पहले सन्यासी अखाड़े के संत शाही स्नान करेंगे, इसके बाद बैरागी और अंत में उदासीन के अंतर्गत आने वाले संत शाही स्नान करेंगे।

सबसे पहले महानिर्वाणी और पंचायती अटल अखाड़ा ने लगाई डुबकी
सन्यासी अखाड़ों के संन्यासियों के शाही स्नान की शुरुआत सुबह 6.15 बजे शुरू हो गई। सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री पंचायती अटल अखाड़ा के संतों ने डुबकी लगाई। इन अखाड़ों के संन्यासी 6.15 बजे शाही स्नान के लिए घाट पर पहुंचे। 40 मिनट के भीतर स्नान करके संन्यासी को 6.55 बजे लौट आए। इसके बाद 7.55 बजे तक इन अखाड़ों के संतों,अचार्यों और महामंडलेश्वरों को अपने शिविर में पहुंचना है।

kumbh

इसके बाद सुबह 7.05 बजे निरंजनी एवं आनंद अखाड़े के संन्यासियों ने डुबकी लगाई। उन्हें 40 मिनट में स्नान करके 7.45 बजे लौटना होगा। तीसरे नंबर पर जूना, अग्नि और आवाहन अखाड़े के संत शाही स्नान करेंगे। इन्हें सुबह आठ बजे शाही घाट पर पहुंचना होगा और 40 मिनट में स्नान करके 8.40 बजे घाट प्रस्थान करना होगा। इसके बाद बैरागी अखाड़ों के अंतर्गत आने वाले अखाडों के संत शाही स्नान करेंगे। इसमें अनी अखाड़ों के तीनों अखाड़ों में से सबसे पहले पंच निर्मोही अनी अखाड़ा 10.40 बजे घाट पर पहुंचेंगे। इन्हें आधे घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद दिगंबर अनी अखाड़ा के संत 11.20 बजे शाही स्नान को पहुंचेंगे। इन्हें 50 मिनट का समय दिया गया है। वहीं पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा को घाट पर 12.20 बजे पहुंचना है। इनके संतों के लिए भी आधे घंटे का ही समय दिया गया है।

प्रशासन से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक सुबह 6.15 बजे तक करीब एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संसगम में डुबकी लगाई है। कुंभ मेले में नजर रखने के लिए मेला प्रशासन ने जबरदस्त इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं के लिए करीब 40 घाट तैयार किए हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भी पूरे मेले में 440 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पूरे इलाके को 10 जोन और 25 सेक्टर में बांटा गया है।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कुंभ में आज डुबकी लगाई। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरी कैबिनेट ने संगम में डुबकी लगाई थी। इसके साथ ही कुंभ मेले में ही उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक भी हुई थी।

सुबह आठ बजे तक 1.5 करोड़ लोगों ने कुंभ में पवित्र डुबकी लगाई है। प्रशासन की ओर से तीन करोड़ लोगों के आज डुबकी लगाने उम्मीद जताई गई है। लेकिन जिस तरह से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही उससे लगता है कि प्रशासन की ओर से दिया गया संभावित आंकड़ा पार कर जाएगा।

सीएम ने दी शुभकामनाएं
प्रयागराज कुंभ-2019 के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों एवं कुंभ में स्नान के लिए देश-विदेश से पधारे पूज्य संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं को सीएम योगी आदित्यनाथ ने हार्दिक शुभकामनाएं दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here