Operation Ganga: रूस और यूक्रेन के बीच तनाव हर गुजरते दिन के साथ बढ़ रहा है। यूक्रेन की सुरक्षा के लिए अधिकारियों ने नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया है। यूक्रेन से कोई आउटगोइंग या आने वाली उड़ान सेवा अभी उपलब्ध नहीं हैं, इस वजह से कई अप्रवासी और विदेशी छात्र यूक्रेन में फस गए हैं। भारत से कई छात्र और नागरिक अन्य पाठ्यक्रमों के साथ-साथ चिकित्सा अध्ययन करने के लिए पिछले कुछ वर्षों से यूक्रेन में हैं। आंकड़ों के अनुसार, यूक्रेन में वर्तमान में लगभग 20,000 भारतीय नागरिक हैं। भारतीय नागरिकों को देश वापस आने में मदद करने के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा नामक एक विशेष निकासी मिशन चलाने का फैसला किया।
Operation Ganga के तहत दो उड़ाने भारत पहुंची
बता दें कि ऑपरेशन गंगा के तहत सरकार एयर इंडिया के विशेष उड़ानों से यूक्रेन में फंसे हुए भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से भारत वापस आने में मदद कर रही है। चूंकि यूक्रेन वर्तमान में एक नो-फ्लाई ज़ोन है, नागरिकों और छात्रों को आस-पास के देशों में ले जाया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें भारत लाया जा रहा है। अब तक, एयर इंडिया की दो उड़ानें यूक्रेन के नागरिकों और छात्रों को लेकर भारत आई है। पहली विशेष उड़ान शनिवार को 219 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंची, जबकि दूसरी उड़ान 250 नागरिक को लेकर रविवार की तड़के सुबह नई दिल्ली पहुंची।
Operation Ganga: लोगों को खाना,पानी मुहैया करा रहा है भारतीय दूतावास
गौरतलब है कि 200 से अधिक भारतीय नागरिकों के साथ हंगरी के बुडापेस्ट से उड़ान भरने के बाद एयर इंडिया की तीसरी उड़ान भी जल्द ही नई दिल्ली में उतरने वाली है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास मौजूदा परिस्थितियों के बीच भारतीय नागरिकों को भोजन, पानी और आवश्यक चीजें भी उपलब्ध करा रहा है।
भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एक नई सलाह भी जारी की है, जिसमें उन्हें अधिकारियों के साथ संचार के बिना किसी भी सीमा चौकी के पास नहीं जाने के लिए कहा गया है क्योंकि यूक्रेन में सीमा चौकियां बेहद नाजुक और अशांत क्षेत्र हैं। भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में लिखा कि विभिन्न सीमा चौकियों पर स्थिति संवेदनशील है और दूतावास हमारे पड़ोसी देशों में हमारे दूतावासों के साथ मिलकर हमारे नागरिकों को निकालने के लिए लगातार काम कर रहा है।
संबंधित खबरें…