UP Van Mahotsav 2026: 7 दिन चलेगा ‘आम बहार-आपके द्वार’ अभियान, आम के पौधों का होगा मुफ्त वितरण

0
0

UP Van Mahotsav 2026: उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को गति देने के लिए योगी सरकार एक जुलाई से सात जुलाई तक राज्यव्यापी वन महोत्सव-2026 का आयोजन करेगी। इस दौरान वन विभाग विशेष अभियान ‘आम बहार-आपके द्वार’ चलाकर प्रदेशभर में आम के पौधों का वितरण करेगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को फलदार वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा के अनुसार, वन महोत्सव के दौरान पौधरोपण के महत्व, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और पर्यावरणीय संतुलन जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जाएगा। लगातार बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम के मद्देनजर सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष भी फलदार वृक्षों, विशेषकर आम की देशी प्रजातियों के अधिकाधिक रोपण पर बल दिया है। इसी उद्देश्य से वन विभाग पूरे प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में ‘आम बहार-आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके तहत आम की विभिन्न प्रजातियों के पौधे आम नागरिकों में वितरित किए जाएंगे और उन्हें पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की जानकारी भी दी जाएगी।

सरकार का मानना है कि फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पोषण सुरक्षा को भी मजबूत करते हैं। इसलिए इस अभियान के जरिए जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

वन महोत्सव के बाद राज्य सरकार वर्षाकाल में अपने महत्वाकांक्षी पौधरोपण महाभियान-2026 को भी गति देगी। इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभिन्न विभागों और मंडलों को उनके लक्ष्य पहले ही सौंपे जा चुके हैं। सरकार को उम्मीद है कि व्यापक जनसहभागिता के साथ यह अभियान उत्तर प्रदेश को और अधिक हरित एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।