उत्तर प्रदेश सरकार ने बौद्ध पर्यटन को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कुशीनगर में करीब 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बुद्ध थीम पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) द्वारा गौतम बुद्ध संग्रहालय के निकट विकसित यह आधुनिक थीम पार्क जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
यह परियोजना केवल एक पर्यटन स्थल नहीं होगी, बल्कि भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और करुणा के संदेश को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव केंद्र भी बनेगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से कुशीनगर की पहचान वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
आधुनिक तकनीक से जीवंत होंगे भगवान बुद्ध के जीवन प्रसंग
बुद्ध थीम पार्क को इंटरएक्टिव और अनुभवात्मक पर्यटन की अवधारणा पर विकसित किया गया है। यहां डिजिटल स्टोरीटेलिंग, हेरिटेज इंटरप्रिटेशन और अत्याधुनिक विजुअल तकनीकों की मदद से भगवान बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं और उनके उपदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
पार्क का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक जानकारी देना नहीं, बल्कि आगंतुकों को आत्मचिंतन, शांति और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ना भी है। पर्यटक यहां बुद्ध के जीवन दर्शन को आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से सहजता से समझ सकेंगे।
बोधि वृक्ष और आठ तथागत स्तूप होंगे मुख्य आकर्षण
थीम पार्क का सबसे प्रमुख आकर्षण संवादात्मक बोधि वृक्ष होगा, जहां भगवान बुद्ध के ज्ञान, करुणा और मानवीय मूल्यों को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा पार्क में तिब्बती शैली के स्तूप, प्रार्थना चक्र (प्रेयर व्हील्स), कलात्मक मूर्तियां और अनुभवात्मक प्रदर्शनियां विकसित की गई हैं। यहां स्थापित आठ तथागत स्तूप भगवान बुद्ध के जीवन के आठ महत्वपूर्ण प्रसंगों का प्रतीक होंगे, जो आगंतुकों को बौद्ध दर्शन की गहराई से परिचित कराएंगे।
3D झांकियां, डिजिटल डिस्प्ले और विशेष ट्रेवलॉग इंस्टॉलेशन बुद्ध के जीवन की यात्रा को चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शित करेंगे। वहीं भूमिस्पर्श, ध्यान, अभय और धर्मचक्र सहित बुद्ध की विभिन्न विशाल मुद्राएं भी पार्क की विशेष पहचान बनेंगी।
लाइट एंड साउंड शो से मिलेगा अनूठा अनुभव
पर्यटकों के लिए पार्क में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां लगभग 40 फीट ऊंची बुद्ध वॉल पर भव्य लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें भगवान बुद्ध के जीवन, उनके संदेश और बौद्ध दर्शन को प्रकाश, ध्वनि और डिजिटल तकनीक के माध्यम से जीवंत बनाया जाएगा।
पार्क का भव्य प्रवेश द्वार भी प्राचीन बौद्ध तोरणों से प्रेरित है, जहां उत्कृष्ट नक्काशी और सांस्कृतिक प्रतीक आगंतुकों का स्वागत करेंगे। इसके अतिरिक्त बुद्ध जीवन दीर्घाएं, भित्ति चित्र, बच्चों के लिए थीम आधारित खेल क्षेत्र तथा स्मारिका केंद्र भी विकसित किए गए हैं, जहां स्थानीय हस्तशिल्प और बौद्ध संस्कृति से जुड़े उत्पाद उपलब्ध होंगे।
बौद्ध पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बुद्ध थीम पार्क उत्तर प्रदेश में बौद्ध पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिकता, संस्कृति, कला और आधुनिक तकनीक का यह अनूठा संगम देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट में लगभग 82 लाख पर्यटक पहुंचे, जिनमें 4.4 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। ऐसे में कुशीनगर का यह नया थीम पार्क न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय रोजगार, सांस्कृतिक संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
सरकार का लक्ष्य है कि कुशीनगर को विश्वस्तरीय बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं और भारत की सांस्कृतिक विरासत वैश्विक स्तर पर और व्यापक पहचान प्राप्त कर सके।









