अयोध्या में इस बार की दिवाली बेहद खास है। यहां त्रेता युग को जीवंत कर दिया गया है। पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा है। इस बीच माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ भगवान राम अपने हेलिकॉप्टर से धरती पर उतर गये हैं। धरती में उतरते ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु वशिष्ठ की तरह उनका स्वागत किया। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, इस अयोध्या ने देश को मानवता के कल्याण के लिए सब कुछ दिया। इस दीपावली का उत्सव देश और दुनिया को अयोध्या ने ही दिया। लेकिन आज लगातार प्रहार झेल रही है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। लोग अयोध्या के बारे में नकारात्मक चर्चा बंद करके इसे सही मायने में समझने की कोशिश करें।

योगी ने कहा अयोध्या ने रामराज्य के माध्यम से दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया है्। अयोध्या को शंका की नजर से देखना बंद हो। उन्होंने कहा, जिस गरीब के घर में कभी रसोई गैस का चूल्हा न जला हो, अगर उसके घर में रसोई गैस का चूल्हा जलता है तो वही रामराज्य है।

योगी ने अयोध्या को बड़ी सौगात देते हुए 24 घंटे बिजली देने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा, आज इंडोनेशिया की रामलीला अयोध्या में होगी। इंडोनेशिया से यहां आये रामलीला कलाकार मुस्लिम हैं। योगी ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, वो रावण-राज्य था जहां चेहरे, जाति के आधार पर भेदभाव होता था। यही रामराज्य है जिसमें किसी के साथ कोई भेद-भाव नहीं है।

इससे पहले अयोध्या में भव्य दीपावली मनाने की तैयारियां जोरों-शोरों से की जा रही है। यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी ने अयोध्या में दीपावली का त्योहार भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया। इसमें 3 किलोमीटर तक पारंपरिक तरीके से बारात निकाली जाएगी, जिसमें पूरे अयोध्या वासियों को शामिल करने का आग्रह किया गया है। इस भव्य दिवाली के मौके पर सीएम योगी और राज्यपाल राम नाईक मौजूद होंगे। बता दें कि इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक 108 कन्याओं को भोज कराएंगे।

भगवान राम के राज्याभिषेक के लिए तैयारियां जोरों से की गई हैं। इस मौके पर होने वाले अयोध्या महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। दीयों को जलाने के लिए 12 हजार लीटर सरसों के तेल का इस्तेमाल होगा। इस तेल को फैजाबाद व आसपास के जिलों से जुटाया जा रहा है। वहीं, दीयों को जलाने के काम में आने वाली पांच लाख रुई की बत्ती लखनऊ से मंगाई गई हैं।

गौरतलब है कि सीएम योगी ने अयोध्या के लोगों से वादा किया था कि इस वर्ष अयोध्या में ऐसी दिवाली मनाई जाएगी जिसे लोग देखते रह जाएंगे। अयोध्या में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को भी मिल रहा है। चारों तरफ तैयारियां चल रही हैं, सड़कें और घाट पूरी तरह से सज चुके हैं। हर तरफ खुशी का माहौल है।

अयोध्या में सरयू का बड़ा धार्मिक महत्व है। योगी आदित्यनाथ शाम 6 बजे सरयू की आरती करेंगे। साथ ही सरयू नदी स्थित राम की पैड़ी घाट पर 1.71 लाख दीये जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। वहीं अयोध्या और फैजाबाद के एनजीओ व धार्मिक संस्थाएं अयोध्या के नया घाट पर 69 हजार दीये जलाएंगे। इस तरह कुल दीयों की संख्या 2.40 लाख तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा सरयू घाट पर राम की सबसे बड़ी मूर्ति लगाई जाएगी।

माना जाता है कि त्रेता युग में 14 साल का वनवास काटकर और लंका विजय कर अयोध्या लौटे भगवान राम का जोरदार स्वागत किया गया था और राम की नगरी को दीपों से सजाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here