गोरखपुर में जनता दर्शन: CM योगी ने सुनीं 250 लोगों की समस्याएं, बोले – घबराइए मत, सबकी होगी भरपूर मदद…

0
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। बारिश के बावजूद दूर-दराज़ से पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और कहा, “घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।”

बारिश को देखते हुए जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 250 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि विवादों में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भूमि विवाद और अवैध कब्जे की शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार या दबंग उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

इन शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों में पहले पैमाइश और आवश्यक जांच कराई जाए। यदि किसी गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो संबंधित दबंगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में अधिकारियों को अस्पताल से उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से उपचार के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद का इलाज धन के अभाव में न रुके।

संवेदनशील और समयबद्ध समाधान पर दिया जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि समस्याओं के प्रभावी समाधान का माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गायों को चारा खिलाया और कुछ समय गोशाला में बिताया। यह उनकी गोरखपुर प्रवास की नियमित दिनचर्या का हिस्सा रहा।