भारत का पवित्र त्योहार दीपावली की धूम इस वक्त देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। जिसकी झलक अमेरिका के व्हाइट हाउस में देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने  व्हाइट हाउस में भारतीय अमेरिकी समुदाय के साथ दिवाली मनाई। इस मौके पर डोनाल्ड ट्रंप के अलावा निक्की हेली, सीमा वर्मा सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ सदस्यों और समुदाय के नेता शामिल थे। साथ ही इस कार्यक्रम में ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने भी हिस्सा लिया

आपको बता दें कि हेली संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत हैं, सीमा वर्मा सेंटर्स फॉर मेडीकेयर एंड मेडिकैड सर्विसेज की प्रशासक हैं। इनके अलावा यूएस फेडरल कम्युनिकेशन्स कमीशन के अध्यक्ष अजीत पई, राज शाह मुख्य उप प्रेस सचिव भी जश्न में शामिल हुए।

इस मौके पर डोनाल्ड ट्रंप ने दीप प्रज्वलित किया और कहा कि,वो भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेताओं के साथ रोशनी का त्यौहार दिवाली मनाते हुए काफी सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

ट्रंप ने ओवल कार्यालय में दिवाली मनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। जिसमें लिखा गया है कि, “जब हम दीपावली सेलिब्रेट करते हैं तो हम खासतौर पर भारत के लोगों को याद करते हैं, जिन्होंने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का निर्माण किया है। भारत हिंदू धर्म का घर है”। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने ‘मजबूत रिश्तों’ को काफी अहमियत देते हैं।

ट्रंप ने अपनी टिप्पणी में कहा कि भारतीय अमेरिकियों ने देश और दुनिया में असाधारण योगदान दिया है। ट्रंप ने कहा, ‘‘आपने कला, विज्ञान, दवाओं, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया है। अमेरिका खास तौर से सशस्त्र सेना में बहादुरी के साथ सेवा देने वाले भारतीय-अमेरिकियों का आभारी है।’’ उन्होंने कहा कि, दिवाली हिन्दुओं का सबसे खास त्यौहार है।

गौरतलब है कि अमेरिका के व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा आज से नहीं,  राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के जमान से है। राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने अपने कार्यकाल के दौरान इस परंपरा की शुरुआत की थी। बुश के कार्यकाल के दौरान उनकी टीम दीपावली समारोहों का आयोजन अक्सर व्हाइट हाउस परिसर में इंडिया ट्रीटी रूम में किया करती थी। हालांकि बुश ने व्यक्तिगत रूप से कभी दिवाली समारोह में भाग नहीं लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here