उत्तर प्रदेश ने कृषि क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप की ओर से आयोजित 17वें एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड-2026 समारोह में राज्य को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट नीतिगत नेतृत्व और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को प्रदान किया।
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, गुजरात के कृषि मंत्री जीतुभाई वघानी, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश पी. सदाशिवम, एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप के चेयरमैन डॉ. रमजान खान और सीईओ डॉ. हारिस खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘योगी सरकार की कृषि नीतियों का परिणाम है यह सम्मान’
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यह सम्मान केवल राज्य सरकार का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के करोड़ों किसानों की मेहनत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिला है और पिछले नौ वर्षों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के कृषि विकास मॉडल के रूप में उभर रहा है।
राजनाथ सिंह के योगदान का भी किया उल्लेख
कृषि मंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पूर्व कृषि मंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना किसानों के लिए मील का पत्थर साबित हुई। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को कृषि निवेश के लिए अधिक ब्याज दर पर ऋण लेना पड़ता था, लेकिन केसीसी व्यवस्था लागू होने के बाद कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध होने लगा, जिससे खेती में निवेश और उत्पादन दोनों बढ़े।
रिकॉर्ड उत्पादन और किसानों को राहत का दावा
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने सत्ता संभालते ही किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए। उन्होंने कहा कि 86 लाख किसानों के लगभग 36 हजार करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए गए, जिससे किसानों को आर्थिक राहत मिली और खेती को नई गति मिली।
उन्होंने बताया कि प्रदेश का खाद्यान्न उत्पादन 543 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर लगभग 750 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है और देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 22 प्रतिशत हो चुकी है।
दूध, फल और सब्जी उत्पादन में यूपी अग्रणी
कृषि मंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश आज देश में सर्वाधिक दूध, फल और सब्जियों का उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है। इसके अलावा शहद, अंडा, मत्स्य उत्पादन और दलहन उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की विकास दर में भी महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
कृषि उत्पादकता बढ़ाने पर रहेगा फोकस
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पशुधन बीमा जैसी नई योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है, जिससे किसानों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश की कृषि उत्पादकता को पंजाब और हरियाणा जैसे अग्रणी राज्यों के बराबर पहुंचाना है। इसके लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती, सिंचाई सुविधाओं और कृषि नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है।









