Shoaib-Sania: तलाक की खबरों के बीच शोएब मलिक ने फिर से की शादी, क्या टूट गया सानिया से रिश्‍ता?

0
23

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के पति शोएब मलिक (पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ) ने अचानक सोशल मीडिया पर अपनी शादी का ऐलान किया है। उन्होंने अपने ही देश की एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह कर लिया है। शोएब मलिक की यह तीसरी शादी है और सानिया मिर्जा से शादी से पहले भी वह एक निकाह कर चुके थे। तलाक लेने के बाद शोएब मलिक ने इंडियन टेनिस स्टार से दूसरा निकाह भारत में किया था। शोएब और सानिया के बीच तलाक की खबरें काफी समय से सामने आ रही थीं लेकिन तलाक के बारे में खुद सानिया और शोएब ने कभी पुष्टि नहीं की। मीडिया रिपोर्ट्स में यह बातें भी सामने आई हैं कि शोएब और सानिया दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। दोनों का एक बेटा इजहान भी है।

सानिया ने दिए थे संकेत

टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने इस ओर इशारा करते हुए अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक क्रिप्टिक पोस्ट किया था। उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा- ‘शादी कठिन है, तलाक कठिन है, अपना कठिन चुनें। मोटापा कठिन है, फिट रहना कठिन है, अपना कठिन चुनें। कर्ज में डूबना कठिन है, आर्थिक रूप से ठीक रहना कठिन है, अपना कठिन चुनें। किसी से बात करना कठिन है, बात न करना कठिन है, अपना कठिन चुनें। जिंदगी कभी आसान नहीं होगी। यह हमेशा कठिन रहेगी, लेकिन हम अपना कठिन चुन सकते हैं’। सानिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जो कोट शेयर किया है, उसमें लिखा है- बुद्धिमानी से चुनें। इस पोस्ट ने पाकिस्तान क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ उनके तलाक की अफवाहों की अटकलों को और हवा दे दी थी। हालांकि, उन दोनों की ओर से तलाक की खबर अभी तक नहीं आई है।

शोएब-सानिया की लव स्टोरी?

शोएब और सानिया की लव स्टोरी दिलचस्प रही। दोनों के बीच नजीदिकयां 2009 से बढ़ने लगी थीं। इसके बाद 2010 में दोनों ने निकाह किया। यह निकाह हैदराबाद में ही हुआ था। 2018 में सानिया और शोएब माता-पिता बने। बेटे इजहान मिर्जा मलिक का जन्म 30 अक्टूबर, 2018 को हुआ था। शोएब ने सानिया से पहले आयशा सिद्दिकी से हैदराबाद में शादी की थी।

कौन हैं सना जावेद?

पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्रियों में शामिल सना जावेद तलाकशुदा हैं। उन्होंने 2020 में उमैर जसवाल से निकाह किया था और जल्द ही दोनों अलग हो गए थे। बाद में अपने-अपने अकाउंट से इन दोनों ने एक-दूसरे की तस्वीरें भी डिलीट कर दी थीं। फिर दोनों के बीच तलाक की बात सामने आई थी। सना पाकिस्तान के कई टीवी शो में नजर आ चुकी हैं।

कब सामने आईं थीं शोएब-सानिया के बीच दूरी की खबरें?

सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के अलग होने की अफवाहें नवंबर 2022 से सुर्खियां बटोर रही थीं। हालांकि, यह बातचीत तब बंद हो गई जब सानिया और शोएब ने शो ‘द मिर्जा मलिक शो’ के लिए एक साथ शूटिंग की और उन्होंने कहा कि वह ईद के दौरान सानिया को मिस कर रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि शोएब ने सानिया को धोखा दिया। तब रिपोर्ट्स में बताया गया था कि पाकिस्तानी एक्ट्रेस आयशा उमर के साथ शोएब का अफेयर चल रहा है। हालांकि, बाद में दोनों ने इसे महज अफवाह बताया था।

अफवाहें 2023 में फिर से सामने आईं जब शोएब ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक जानकारी हटा दी थी। पहले शोएब ने अपने इंस्टाग्राम बायो में लिखा था- एथलीट और एक सुपरवुमन सानिया मिर्जा का पति। शोएब ने फिर इंस्टाग्राम बायो से यह जानकारी हटा दी। अपडेट करके शोएब ने इंस्टाग्राम बायो में लिखा- प्रो एथलीट और लिव अनब्रोकन यानी बिना दर्द के जियो।

यह भी पढ़ें:

कश्मीर से बर्फ नदारद, दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड; जानें क्यों बेमानी पर उतर आया है मौसम?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here