Weather update : राजधानी और एनसीआर (NCR) समेत कई इलाकों में बुधवार की सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। तड़के 4 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान कई जगहों पर जलभराव, बिजली सेवा ठप होने की शिकायतें भी मिलीं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बारिश के बाद तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस दौरान मौसम में आद्रर्ता 63 फीसदी दर्ज की गई। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली एनसीआर में 20-40 किमी / घंटे की गति से मध्यम तीव्रता की बारिश और हवाएं चलने की संभावना है।
Weather update : ठंडी हवाओं का सितम रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत हरियाणा एवं पंजाब से सटे कुछ इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाओं का सितम जारी रहेगा। दिल्ली में आज सूर्योदय सुबह 7 बजकर 5 मिनट और सूर्यास्त सायं 6 बजकर 7 मिनट पर होगा। वहीं चंद्रोदय 4 बजकर 11 मिनट और चंद्रमा अस्त 2 बजकर 38 मिनट पर होगा।
Weather update : हिमपात से मुख्य राजमार्ग हुए बंद
मौसम विभाग के अनुसार देश के उत्तरी भाग में ठंड का कहर अभी और रहेगा। यहां पिछले कई दिनों से जारी हिमपात से स्थिति और भी खराब हो गई है। हिमाचल प्रदेश स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग और करीब 200 से अधिक सड़कें खराब मौसम के चलते आवागमन के लिए बंद हैं। केंलाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा सड़कें लाहौल-स्पीति और शिमला जिले में बंद हैं। हालांकि आज शाम तक काफी संख्या में बंद सड़कों पर यातायात बहाल होने की उम्मीद है। वहीं नैनीताल, अल्मोड़ा, मुनस्यारी समेत गढ़वाल के कुछ जिलों में भी बर्फबारी जारी है। इन इलाकों में तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
उत्तर पूर्व में बादल छाए रहने की संभावना
देश के उत्तरपूर्वी राज्यों में भी दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। गुवाहाटी, गंगटोक, कोहिमा़, शिलॉग और ईंटानगर में बादल छाए रहेंगे। एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की उम्मीद है। अगरतला में बुधवार की सुबह कोहरा छाया रहा। आईजॉ़ल में आसमान साफ रहेगा। इन शहरों में न्यूनतम तापमान तीन और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दक्षिण में मौसम साफ रहने की उम्मीद
देश के दक्षिणी भाग में आमतौर पर मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार चेन्नई में सुबह हल्की धुंध रहेगी हालांकि बाद में बादल छाए रहेंगे। मुंबई और कोलकाता में आसमान साफ रहेगा। इन महानगरों में न्यूनतम तापमान (Temprature)11 और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विशाखापत्तनम में धुंध के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बेंगलुरु और हैदराबाद में सुबह कोहरा रहेगा, लेकिन बाद में आसमान साफ रहेगा। इन शहरों में तापमान 15 और 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
संबंधित खबरें