Lata Mangeshkar: संगीत की दुनिया की सबसे बड़ी हस्ती रहीं स्वर कोकिला लता मंगेशकर का रविवार 6 फरवरी 2022 की सुबह 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीज कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बता दें कि लता मंगेशकर को 8 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन बाद में वह न्यूमोनिया से भी पीड़ित हो गईं थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार देखी जा रही थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट से भी हटा दिया गया था। लेकिन 5 फरवरी को उनकी स्थिति फिर से बिगड़ने लगी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।
Lata Mangeshkar के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक हुआ घोषित

भारत सरकार की ओर से लता मंगेशकर निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। 6 और 7 फरवरी 2022 को देश में राष्ट्रीय शोक रहेगा और राष्ट्रीय ध्वज भी आधा झुका रहेगा। स्वर कोकिला लता मंगेशकर की अंतिम विदाई राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सहित कई दिग्गज नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि दयालु लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। लता दीदी के जाने से देश में एक ऐसा खालीपन हुआ है, जिसे भरा नहीं जा सकता है। आने वाली पीढ़ियां उन्हें याद करेंगी कि लता मंगेशकर कितनी बड़ी कलाकार थीं, जिनकी सुरीली आवाज़ में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्भुत क्षमता थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लता मंगेशकर को याद करते हुए लिखा कि मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है। लता मंगेशकर ने मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराहा है। आगे लिखा कि मैं उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी है। जेपी नड्डा ने लिखा कि हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला और भारत रत्न से पुरस्कृत लता मंगेशकर जी का निधन दुखद है। यह संपूर्ण कला जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। भाजपा अध्यक्ष ने लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा कि लता दीदी प्रखर देशभक्त थी। उनका जीवन अनेक उपलब्धियों से भरा रहा है। लता जी हमेशा ही अच्छे कामों के लिए हम सभी को प्रेरणा देती रही हैं। भारतीय संगीत में उनका योगदान अतुलनीय है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लता मंगेशकर जी के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा कि उनके निधन से भारत की आवाज़ खो गई है। लता जी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की। उनके गाए हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है। राजनाथ सिंह ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि हर पीढी को लता मंगेशकर के गाने सुनना बहुत पसंद है। उनके गाने हमेशा सदाबहार रहते हैं। उन्होंने संगीत के प्रति अपना पूरा जीवन व्यतीत किया। वित्त मंत्री ने उनके परिवार के सभी प्रेमियों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
वहीं यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। ट्वीट कर लिखा कि स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।
संबंधित खबरें:
- अजीब दास्तां है से लेकर भीगी भीगी रातों तक वो सदाबहार गाने जिससे Lata Mangeshkar बनीं सुर कोकिला
- नहीं रहीं स्वर कोकिला Lata Mangeshkar, Corona से थी संक्रमित