UP Election 2022 का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। सभी राजनैतिक दल एक-दूसरे पर हमलावर होते जा रहे हैं। दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। सभी जनता के हित की बात करते हैं और उसी में अपना भी हित भी साध लेते हैं। आने वाला विधानसभा चुनाव यूपी की सियासत में सभी दलों की कड़ी अग्नि परीक्षा लेने वाला है।
प्रचार के दौर में सभी दल अपने वोटरों को आकर्षित करने के लिए तमाम तरह की बातें करते हैं। उस क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी की जनता को समझाते हुए कहा कि ये जो रामद्रोही हैं, दंगाइयों को गले लगाने वाले लोग हैं, सामाजिक ताने बाने को छिन्न-भिन्न करने वाले लोग हैं, इनसे जितनी ही दूरी रहेगी उतना ही भविष्य उज्ज्वल रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बात विश्वकर्मा समाज के एक कार्यक्रम में कही। सीएम योगी ने कहा, जो रामद्रोही होगा वह आपका हितैषी कभी नहीं हो सकता है, यह आपकी जिम्मेदारी है कि अपने समाज के लोगों को जाकर बताएं और सरकार के कारनामों को जन-जन तक पहुंचाएं। हम वर्तमान के साथ भविष्य को भी सुरक्षित करने की योजना को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की अखिलेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, पहले की सरकारें अपने परिवार को ही प्रदेश मान लेती थीं, एक परिवार 2012 से 2017 तक लूट खसोट में लगा था और महाभारत के सारे रिश्ते उनके पास थे, कोई किसी को मार रहा था, कोई किसी का कब्जा कर रहा था।
उत्तर प्रदेश चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की कमान संभाले सीएम आदित्यनाथ जोरशोर से प्रचार में लगे हुए हैं। शासन व्यवस्था को संभालते हुए योगी आदित्यनाथ जनता से लगातार संवाद बना रहे हैं और अपने सरकार के कामकाज के विषय में जनता से सीधे मुखातिब हो रहे हैं। योगी आदित्यनाथ को अपने कामकाज और प्राशासनिक शैली के बल पर दोबारा सत्ता में वापसी की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: UP Election 2022: योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘माफियाओं के सीने पर चलेगा राज्य सरकार का बुलडोजर’