मुंबई पुलिस इन दिनों अपने बढ़ते वजन से परेशान है। कहीं उनका यह मोटापा, अपराधियों पर नकेल कसने के बीच में आड़े ना आ जाए, इसलिए मुंबई पुलिस कमिश्नर सुबोध जायसवाल ने भारी पेट और तोंद वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उन्हें मोटापा कम करने का आदेश जारी किया है।

इस अभियान को ‘स्वस्थ पुलिस, सशक्त पुलिस’ का नाम दिया गया है। एक महीने का यह कोर्स 28 फरवरी तक चलेगा। इसमें 150 पुलिसकर्मी और उनके परिवार शामिल हैं।

भारी तोंद वाले मध्यप्रदेश के पुलिस अधिकारी दौलत जोगावत की तस्वीर आपने सोशल मीडिया पर देखी होगी। कहीं ऐसी ही हालत मुंबई पुलिसकर्मियों की ना हो जाए, इसलिए मुंबई पुलिस के बड़ी तोंद वाले जवानों से इन दिनों खूब कसरत कराई जा रही है। मुंबई पुलिस कमिश्नर सुबोध जायसवाल ने इन वजनदार पुलिस कर्मियों को ‘सिंघम’ की तरह फिट होने का आदेश जारी किया है, लिहाज़ा मुंबई पुलिस के यह वजनदार सिपाही खूब पसीना बहा रहे हैं।

लोकल आर्म्स विभाग की डीसीपी नियति ठाकरे ने बताया, “मुंबई पुलिस के बड़ी तोंद और भारी वजन वाले जवानों का वजन कम करने के लिए मुंबई पुलिस महकमे की ओर से एक महीने के कैम्प का आयोजन किया गया है। मोटापे के शिकार जिन 150 पुलिसकर्मियों को इस अभियान के तहत शामिल किया गया है, उनके साथ परिवार के सदस्य भी इस कोर्स के दौरान रहेंगे।”

ठाकरे का कहना है कि इन पुलिसकर्मियों और इनके परिवार को मेडिटेशन, काउंसलिंग, लेक्चर, योगा और फिल्मों के जरिए मोटापे के बारे में बताया जा रहा है। इनसे छुटकारा पाने के लिए पुलिसवालों को मानसिक तौर पर तैयार किया जा रहा है , ताकि उन्हें तय 30 दिनों के अंदर राहत मिल सके।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस अभियान के जरिए मोटापे से ग्रसित पुलिसकर्मियों को डायटिशन और आहार विशेषज्ञों की देख-रेख में खाना दिया जा रहा है, उनकी सेहत पर बारीक नजर रखी जा रही है।

150 पुलिसकर्मियों का यह पहला बैच है। सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक इन्हें कैंप में रहना पड़ता है 40,000 की मुंबई पुलिस में करीब 3 हज़ार पुलिसकर्मी मोटापे से प्रभावित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here