उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देता है।
अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, सेवा और मानवता की भावना का प्रतीक है। यह त्योहार लोगों को जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता विविधता में एकता है और ऐसे पर्व सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाते हैं। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ईद-उल-अजहा का यह पावन अवसर समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को नई मजबूती देगा।
आनंदीबेन पटेल ने लोगों से त्योहार को शांति, भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पर्वों का वास्तविक उद्देश्य समाज को जोड़ना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना होता है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान जरूरतमंदों और गरीबों की सहायता के लिए आगे आएं, ताकि खुशियों का यह पर्व हर व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद और आनंद लेकर आए।
सामाजिक सद्भाव, भाईचारे का संदेश देता है ईद-उल-अजहा: CM योगी
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अज़हा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व त्याग, सेवा, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। यह त्योहार समाज को मिल-जुलकर रहने और आपसी प्रेम व सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि सभी लोग इस पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना के साथ मनाएं।









