West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 2026 के तहत आज यानी गुरुवार (23 अप्रैल) को मतदान की प्रक्रिया सम्पन्न हो चुकी है। देश के दो बड़े राजनीतिक राज्यों में हो रहे इस चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुए।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में रिकॉर्डतोड़ मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार, रात 10 बजे तक पश्चिम बंगाल में 92.59% और तमिलनाडु में 85.13% वोटिंग हुई, जो दोनों राज्यों के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक प्रतिशत है। इससे पहले 2011 में तमिलनाडु में 78.3% और पश्चिम बंगाल में 84.7% मतदान का रिकॉर्ड था, जिसे इस बार पीछे छोड़ दिया गया। बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इससे पहले, चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में करीब 90% और तमिलनाडु में 82% से ज्यादा मतदान दर्ज हुआ। इसके साथ ही दोनों राज्यों की कुल 386 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो चुकी है। वोटिंग खत्म हो चुकी है। जो लोग शाम 6 बजे तक लाइन में लग गए हैं अब सिर्फ वहीं वोट डाल सकते हैं।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: शाम 5 बजे तक कितना मतदान?
मतदान में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में 89.92% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि तमिलनाडु में 82.24% मतदान हुआ। दोनों राज्यों में मतदाताओं की भारी भागीदारी ने चुनावी माहौल को और भी गर्म और निर्णायक बना दिया है। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग अधिकारियों ने EVM सील किए।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: लता रजनीकांत ने डाला वोट
तमिलनाडु में मतदान के बीच लता रजनीकांत ने किया वोट, बोलीं—“मतदान करना हर नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य”
Election 2026 Voting Live: उपचुनाव में भी मतदान जारी, 3 बजे तक ऐसा रहा वोटिंग प्रतिशत
राज्य विधानसभा उपचुनावों में दोपहर 3 बजे तक अलग-अलग सीटों पर मतदान की रफ्तार मध्यम रही। गुजरात की उमरेठ सीट पर करीब 46.66% वोटिंग दर्ज की गई। वहीं महाराष्ट्र की राहुरी सीट पर 39.60% और बारामती सीट पर 40.36% मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम तक आंकड़ों में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रतिशत
पश्चिम बंगाल में मतदान ने रफ्तार पकड़ी है और दोपहर 3 बजे तक 78.77% वोटिंग दर्ज की गई, जो रिकॉर्ड स्तर मानी जा रही है। वहीं तमिलनाडु में भी मतदाताओं का उत्साह दिखा, जहां इसी समय तक करीब 70% मतदान हो चुका है।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: उदयनिधि स्टालिन की पत्नी ने डाला वोट
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बीच डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन की पत्नी किरीथिगा उदयनिधि ने अपना वोट डालकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया। वोट डालने के बाद उन्होंने लोगों से भी बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “मैं पिछले 25 सालों से लगातार वोट डाल रही हूं। सभी लोग घरों से बाहर निकलें और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। इस बार मेरे बेटे ने भी पहली बार वोट किया है।”
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: हमले के बाद क्या बोले शुभेंदु सरकार
पश्चिम बंगाल के कुमारगंज से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र के 8-10 मतदान केंद्रों पर उनके पोलिंग एजेंटों को जबरन बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि हस्तक्षेप करने के बाद एजेंटों को दोबारा अंदर जाने दिया गया।
उन्होंने आगे बताया कि जब वे बूथ नंबर 24 का जायजा लेने पहुंचे, तो उन पर और उनकी टीम पर हमला किया गया, जिसका मकसद डर और दबाव का माहौल बनाना था। शुभेंदु सरकार के मुताबिक, मौके पर केंद्रीय बल मौजूद थे, लेकिन उनके पहुंचने के समय उनके साथ सिर्फ उनका बॉडीगार्ड था।
उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं और इस क्षेत्र की चारों सीटों पर टीएमसी की हार तय है, इसी घबराहट में उन पर हमला किया गया।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: BJP उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमला
पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस घटना में टीएमसी कार्यकर्ताओं की भूमिका रही। घटना के बाद चुनाव आयोग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुमारगंज के एक मतदान केंद्र पर बीजेपी के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश करने से रोका गया। स्थानीय स्तर पर विवाद बढ़ा और कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ दिया गया। इसी दौरान बीजेपी उम्मीदवार पर भी हमला होने की बात सामने आई है।
चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज में दिख रहे आरोपियों की जल्द पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। आयोग ने साफ किया है कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने चुनावी माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है, जबकि प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: सुबह 11 बजे तक की वोटिंग
- पश्चिम बंगाल: 41.11% मतदान
- तमिलनाडु: 37.6% मतदान
इन आंकड़ों से साफ है कि दोनों राज्यों में मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: राहुल गांधी का बयान
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विचारधारा की इस लड़ाई में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस ही सक्षम है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस संविधान, अधिकार और विविधता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और बंगाल में सम्मान और विकास की राजनीति लाना चाहती है।
West Bengal–Tamil Nadu Election 2026 Live: सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत
चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 8 बजे से शुरु हुए मतदान में, सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76% मतदान दर्ज किया गया, जबकि तमिलनाडु में 17.7% वोटिंग हुई। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मतदाताओं की भागीदारी में तेजी आई।
बंगाल में कड़ा मुकाबला
पश्चिम बंगाल में यह चुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। यहां TMC और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। इसके अलावा कांग्रेस और वाम दल भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।
पश्चिम बंगाल में करीब 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह सीटें राज्य के 16 जिलों में फैली हुई हैं, जिनमें नंदीग्राम, दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। यहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर राज्य में पहले से ही राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ था, और इसी के बीच यह चुनाव और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
तमिलनाडु में त्रिकोणीय लड़ाई
वहीं तमिलनाडु में मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है।
- द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाला गठबंधन
- अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम [All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam (AIADMK)] और BJP गठबंधन
- अभिनेता विजय की राजनीतिक एंट्री और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है
राज्य में एक ही चरण में मतदान हो रहा है, इसलिए सभी पार्टियों के लिए यह दिन बेहद अहम है।
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के बाद दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में जारी मतदान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दोनों राज्यों में जनता चुनाव को लेकर गंभीर है और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभा रही है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि अंतिम मतदान प्रतिशत कितना रहता है और यह चुनावी नतीजों को किस दिशा में ले जाता है।









