Sachin Tendulkar Records: जानिए ‘क्रिकेट के भगवान’ के वो रिकॉर्ड, जिनके आसपास भी नहीं पहुंचा कोई क्रिकेटर

0
0

Sachin Tendulkar Records: क्रिकेट इतिहास में जब भी महान बल्लेबाजों का जिक्र होता है, भारत रत्न सचिन रमेश तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर आता है। ‘मास्टर ब्लास्टर’ के नाम से मशहूर सचिन ने अपने 24 साल लंबे करियर में ऐसे कई कीर्तिमान स्थापित किए, जो आज भी अटूट हैं और निकट भविष्य में टूटना बेहद मुश्किल लगता है। आज 24 अप्रैल को उनके 53वें जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं उनके उन रिकॉर्ड्स के बारे में, जिन्हें पार करना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती है, साथ ही यह भी समझते हैं कि मौजूदा दौर में कौन-कौन खिलाड़ी इन रिकॉर्ड्स के सबसे करीब पहुंच रहे हैं।

1. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन

सचिन तेंदुलकर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 34,357 रन दर्ज हैं, जो आज भी एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसके करीब पहुंचना बेहद कठिन माना जाता है। कई दिग्गज बल्लेबाज जैसे विराट कोहली (Virat Kohli), कुमार संगकारा (Kumar Sangakkara) और रिक्की पॉन्टिंग (Ricky Ponting) इस मुकाम के करीब पहुंचे, लेकिन काफी पीछे रह गए। मौजूदा दौर में विराट के बाद जो रूट (Joe Root) इस रिकॉर्ड के सबसे नजदीक माने जा रहे हैं, क्योंकि वे अभी भी एक से अधिक फॉर्मेट में खेल रहे हैं।

2. 100 अंतरराष्ट्रीय शतक – ‘सेंचुरी का शतक’

सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतक क्रिकेट इतिहास का सबसे अनोखा और विशाल रिकॉर्ड है। यह उपलब्धि आज तक कोई भी बल्लेबाज हासिल नहीं कर पाया है। इस सूची में 85 शतक के साथ सबसे करीब विराट कोहली (Virat Kohli) हैं, लेकिन अभी भी वे इस ऐतिहासिक आंकड़े से काफी पीछे हैं।

3. टेस्ट और ODI दोनों में सबसे ज्यादा रन

टेस्ट क्रिकेट में 15,921 और वनडे में 18,426 रन बनाकर सचिन ने दोनों ही फॉर्मेट में नंबर-1 स्थान हासिल किया। यह अपने आप में असाधारण उपलब्धि है, क्योंकि अलग-अलग फॉर्मेट में इतने लंबे समय तक शीर्ष पर बने रहना आसान नहीं होता। फिलहाल टेस्ट में Joe Root और वनडे में Virat Kohli इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी भी लंबा सफर तय करना बाकी है।

4. 200 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी

सचिन तेंदुलकर 200 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। आधुनिक क्रिकेट में खिलाड़ियों के छोटे होते करियर और लगातार व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए यह रिकॉर्ड लगभग अटूट माना जाता है।

5. वनडे में पहला दोहरा शतक

2010 में सचिन ने वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक (200*) लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने ही अन्य खिलाड़ियों में उम्मीद जताई थी कि इस मुकाम पर भी पहुंचा जा सकता है। आज कई बल्लेबाज इस आंकड़े तक पहुंचे हैं, लेकिन ‘पहला’ होने का गौरव हमेशा सचिन के नाम ही रहेगा।

6. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा ODI रन

साल 1998 में सचिन ने 1894 रन बनाए, जो आज भी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे रन का रिकॉर्ड है। आधुनिक क्रिकेट में इस स्तर की निरंतरता बनाए रखना बेहद मुश्किल है। दिलचस्प बात यह है कि Shubman Gill 2023 में 1585 रन बनाकर इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचे, लेकिन सचिन से अभी भी काफी दूर हैं।

7. सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच और अर्धशतक

सचिन ने अपने करियर में 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जो उनकी फिटनेस और निरंतरता का बड़ा प्रमाण है। इसके अलावा उनके नाम 264 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक भी दर्ज हैं। इस मामले में सबसे करीब विराट कोहली (231) हैं, लेकिन वे भी इस आंकड़े से अभी पीछे हैं।

कौन तोड़ सकता है ये रिकॉर्ड?

अगर मौजूदा दौर की बात करें तो विराट कोहली शतकों के मामले में सबसे बड़े दावेदार हैं, जबकि जो रूट टेस्ट रन रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं। लेकिन बढ़ती उम्र फॉर्म इसमें बड़ी निर्णायक भूमिका निभाएगी, जबकि अन्य अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जैसे बाबर आजम (Babar Azam), केन विलियमसन (Kane Williamson) और स्टीव स्मिथ (Steve Smith) निरंतर प्रदर्शन के बावजूद इन रिकॉर्ड्स से अभी काफी दूर हैं।

सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि एक पूरे युग की कहानी हैं। आज के तेज़ और बदलते क्रिकेट में जहां करियर छोटे होते जा रहे हैं, वहां इन रिकॉर्ड्स तक पहुंचना और भी कठिन हो गया है। यही वजह है कि क्रिकेट जगत में आज भी कहा जाता है, “रिकॉर्ड टूटने के लिए बनते हैं, लेकिन सचिन के कुछ रिकॉर्ड शायद हमेशा इतिहास बनकर ही रहेंगे।”